कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी के बयान पर बवाल

उज्जवल हिमाचल। शिमला

कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी के राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर दिए गए बयान को लेकर सड़क से संसद तक बवाल पसरा हुआ है। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में भी भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अधीर रंजन चौधरी के बयान के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा के कार्यकर्ताओं ने अधीर रंजन चौधरी और कांग्रेस पार्टी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

भारतीय जनता पार्टी जिला शिमला के अध्यक्ष रवि मेहता ने कहा कि कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी का राष्ट्रपति को लेकर दिया गया बयान बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह बयान कांग्रेस पार्टी की सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी से बात को नहीं पचा पा रही है कि एक आदिवासी समाज की महिला देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर पहुंची है।

उन्होंने कहा कि सदन में भारतीय जनता पार्टी इसका जमकर विरोध कर रही है, लेकिन कांग्रेस पार्टी से लेकर माफी मांगने के लिए तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि अधीर रंजन चौधरी का संवैधानिक पद पर बैठी एक आदिवासी महिला पर दिया गया यह बयान दुर्भाग्यपूर्ण है और भारतीय जनता पार्टी देश भर में इसका विरोध कर रही है।