कुलदीप राठौर का कार्यकाल पूरा होते ही इंटरनेट मीडिया पर सियासत तेज, यह पोस्ट खूब हो रही वायरल

उज्जवल हिमालच। शिमला

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर का तीन साल का कार्यकाल पूरा होने से एक दिन पहले इंटरनेट मीडिया पर अध्यक्ष बदलने को लेकर एक पोस्ट खूब वायरल हुई। इस पोस्ट में पूर्व अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू को अध्यक्ष बताया गया तो कुछ नेताओं ने उन्हें बधाई दे दी। पोस्ट जब ज्यादा वायरल हुई तो सुक्खू ने खुद इसका खंडन इंटरनेट मीडिया पर किया।

सुक्खू ने फेसबुक पेज पर लिखा कि वह वह प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और अन्य किसी पद की दौड़ में नहीं हैं। कुछ स्वार्थी तत्व अफवाह फैलाकर कांग्रेस आलाकमान के समक्ष गलत राजनीतिक तस्वीर पेश करना चाहते हैं। यह राजनीतिक विरोधियों की सुनियोजित साजिश का हिस्सा है। सुक्खू ने कहा कि वह कांग्रेस पार्टी के एक सच्चे सिपाही हैं। उनका कोई व्यक्तिगत एजेंडा नहीं है।

उन्होंने इस प्रकरण के लिए भाजपा आइटी सेल पर आरोप लगाया है। वहीं, कांग्रेस प्रदेश अध्‍यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने बयान में कहा कि अब संगठन में कोई गुटबाजी नहीं है। राठौर ने कहा कि उनका अपना कोई एजेंडा नहीं है और न ही कोई महत्‍वाकांक्षा है। संगठन सर्वोपरि है व अध्‍यक्ष बनने के बाद संगठन को मजबूत करने का काम किया। मतभेद भुलाकर सबको एकजुट किया है।