हिजाब विवाद पर बोलीं प्रियंका गांधी, ‘बिकनी हो या घूंघट, महिलाओं को मर्जी के कपड़े पहनने का हक’

उज्जवल हिमाचल। डेस्क

कर्नाटक से शुरू हुआ हिजाब विवाद अब राष्ट्रीय राजनीति का विषय बनता दिखाई दे रहा है। इस मामले को लेकर कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने भी अपना रुख साफ किया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने हिसाब से कपड़े पहनने का हक है। प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि चाहे बिकनी हो या घूंघट, जींस हो या हिजाब, महिलाओं को अपनी पसंद के कपड़े पहनने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि ये हक महिलाओं को संविधान से मिला है, इसलिए उन्हें प्रताड़ित करना बंद किया जाए।

बताते चलें कि यह विवाद इस साल जनवरी में कर्नाटक के उडुपी के एक सरकारी कॉलेज में शुरू हुआ था, जब छह लड़कियों को हेडस्कार्फ पहने पर कैंपस छोड़ने के लिए कहा गया था। मंगलवार को विरोध प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया। यह मामला कर्नाटक के अन्य हिस्सों में भी फैल गया है। अब इसकी गूंज उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनावों में भी सुनाई देने लगी है।

इससे पहले ओवैसी ने भी इस पर टिप्पणी की थी, आईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने मंगलवार को संभल में चुनाव प्रचार करते हुए पूछा कि भाजपा सरकार हमारी बेटियों को हिजाब पहनकर पढ़ाई नहीं करने दे रही है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन तलाक कानून के साथ मुस्लिम महिलाओं को सशक्त बनाने की बात करते हैं। क्या यही उनकी ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान की पिच है?