चापलूसों का झुंड बन गया है कांग्रेस संगठन : राजेश रॉकी

अपनी ही पार्टी पर खूब बरसे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता

उज्जवल हिमाचल ब्यूरो। पालमपुर

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजेश रॉकी शुक्रवार को अपनी ही पार्टी पर खूब बरसे। उन्होंने प्रदेश में संगठन को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि यह चापलूसों का झुंड बन गया है। पंचायत चुनावों में कांग्रेस की हुई दुर्गत पर उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं को आड़े हाथ लिया।

  • बोले, पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह को सौंप देनी चाहिए कमान

इतना ही नहीं उन्होंने पालमपुर के विधायक पर निष्क्रिय होने के आरोप भी लगाए। राजेश राकी ने कहा कि मौजूदा हालत को देखते हुए कांग्रेस की कमान पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को दे देनी चाहिए क्योंकि बाकी नेताओं में उन्हें ऐसी बात नहीं दिखती जो पार्टी को 2022 के चुनावों में जीत दिला सकें। उन्होंने कहा कि वीरभद्र ही अब कांग्रेस का कल्याण कर सकते हैं। रॉकी ने कहा कि प्रदेश में संगठन में कैसी हालत है यह किसी छिपी नहीं है। कौन अध्यक्ष, कौन उपाध्यक्ष है और कौन महासचिव है। इस बारे में संगठन को ही कोई जानकारी नहीं है।

विधायक को भी कटघरे में किया खड़ा

राजेश रॉकी ने पालमपुर के विधायक पर सवाल उठाते हुए कहा कि पालमपुर में कांग्रेस का संगठन कही भी एकजुट नहीं नजर आता। उन्होंने कहा कि विधायक बताएं कि कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता कितने जनसंपर्क अभियान कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनावों के लिए कांग्रेस की क्या तैयारी है इस बारे में विधायक को सोचना चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि कहां पर कांग्रेस का प्रशिक्षण शिविर लगा रहा है, कहां पर कांग्रेस के लोग संगठन को मजबूत करने का काम करने लगे है। उन्होंने कहा कि संगठन के साथ साथ एनएसयूआई के लोग भी निष्क्रिय नजर आ रहे हैं।

नगर निगम में जीत का सपना छोड़ दे कांग्रेस

राजेश रॉकी ने कहा हिमाचल में आज भाजपा के प्रशिक्षण शिविर चल रहे हैं, जबकि कांग्रेस का अब तक कोई शिविर नहीं दिखाई दिया। उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनाव सिर पर हैं भाजपा ने तैयारी शुरू कर दी है लेकिन कांग्रेस के नेता और पदाधिकारी घरों में सोए हुए हैं। उन्होंने कहा कि अगर नगर निगम चुनावों उम्मीदवारों के चयन में जरा सी भी चूक हुई तो कांग्रेस जीत का सपना छोड़ दे। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग घर-घर में जाकर लोगों से जनसंपर्क कर रहे हैं लेकिन कांग्रेस हाथ पर हाथ रख कर बैठी हुई है।