किन्नौर के करछम में पहाड़ों से कार पर गिरी चट्टान, दो लोग घायल

उज्जवल हिमाचल। किन्नौर

किन्नौर जिले में रविवार को आए भूकंप के कारण जगह-जगह चट्टानें गिरने का सिलसिला लगातार जारी है। सोमवार सुबह भी करछम के करीब पहाड़ों से बड़ी चट्टान के खिसकने का मामला सामने आया है। यह चट्टान नेशनल हाईवे-5 पर गिरी है। जिसकी चपेट मे एक वाहन भी आया है। बताया जा रहा है कि वाहन में दो लोग सवार थे। गाड़ी पर चट्टान गिरने से दोनों घायल हो गए हैं। महिला को बांए हाथ में मामूली चोटें आई हैं और कार चालक विनय कुमार को पसलियों में चोटें आई हैं। दोनों को उपचार नजदीकी अस्पताल में कराया जा रहा है।

विनय कुमार भाबानगर अपनी ड्यूटी पर जा रहे थे। विनय भाबानगर में कार्यकारी बीडीओ के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इनके साथ एक महिला जिसका नाम अनुपमा पत्नी अंकुश कुमार, गांव विकासनगर तहसील व जिला हमीरपुर जो अपने कार्य से टापरी जा रही थी। रिकांगपिओ से भाबानगर आते समय शिल्ती रोड से टापरी साइड पर अचानक ऊपर पहाड़ी से चट्टानों के गिरने से गाड़ी को काफी नुकसान हुआ है। आस-पास मौजूद लोगों ने दोनों को कार से निकाल कर उपचार के लिए जिंदल अस्पताल छोल्टू में भर्ती कराया।

एसपी किन्नौर अशोक रत्न ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों मे इन दिनों चट्टान खिसकने का सिलसिला जारी है और आज सुबह ही करछम के समीप पहाड़ों से चट्टान गिरी है। एपसी ने लोगों से अपील की है कि जिले में चट्टानों के गिरने का खतरा बना हुआ है। ऐसे में सावधानी पूर्वक वाहन को चलाएं।