रोहित ठाकुर का राजीव बिंदल पर पलटवार, बोले-“बयानबाजी छोड़ केंद्र से हिमाचल के लिए मांगे मदद”

हिमाचल में जनहित के लिए ऐतिहासिक फैसला ले रही सुक्खू सरकार- रोहित ठाकुर

उज्ज्वल हिमाचल। शिमला

हिमाचल प्रदेश क्षेत्र राज्य सचिवालय में कोटखाई के प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर से मुलाकात की। इस प्रतिनिधिमंडल ने कोटखाई हॉस्पिटल में स्पेशलिस्ट डॉक्टर की नियुक्ति पर शिक्षा मंत्री का आभार व्यक्त किया। इस दौरान रोहित ठाकुर ने कहा कि सरकार आम जनता के हित के कार्यों के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार ऐसे ऐतिहासिक कदम उठा रही है, जिससे आम लोगों को फायदा हो रहा है। रोहित ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के 36 ब्लॉकों में जल्द से जल्द स्पेशलिस्ट डॉक्टर की नियुक्ति की जाएगी।

वहीं, उन्होंने टीजीटी के 900 पद भरे जाने को लेकर जारी हुई नोटिफिकेशन का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में जल्द इन पदों पर भर्ती होगी। साथ ही 2 हजार 521 रिक्त पदों पर बैच वाइज भर्ती की जाएगी। बता दें कि शिक्षा विभाग में 6 हजार पद खाली पड़े हैं, जिन्हें भरने की प्रक्रिया चल रही है। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने हिमाचल बीजेपी अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल के बयान पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि डॉ. राजीव बिंदल को इस तरह से देने की बजाय केंद्र से हिमाचल प्रदेश के लिए सहायता लानी चाहिए।

यह भी पढ़ेंः सुशासन सूचकांक में लगातार दूसरी बार अव्वल रहा जिला कांगड़ा

उन्होंने कहा कि प्रदेश में 7 में से 6 सांसद भाजपा के हैं, लेकिन कोई विशेष पैकेज की मांग नहीं कर रहा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश के ही संसाधनों से 4 हजार 500 करोड़ की मदद हिमाचल प्रदेश में आपदा प्रभावितों को दी है। उन्होंने कहा कि संभव है कि भाजपा लोकसभा चुनाव के मद्देनजर अब सरकार हिमाचल की मदद करे, लेकिन हिमाचल प्रदेश सरकार अपने संसाधनों से प्रभावितों की मदद कर रही है।

इस दौरान पूर्व भाजपा सरकार ने आखिरी 6 महीने में संस्थान खोलकर प्रदेश पर आर्थिक बोझ लादने का काम किया. मौजूदा सरकार ने ऐसी संस्थाओं को बंद किया, जो राजनीतिक मंशा से खोले गए थे। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसे स्कूल के भवनों को युवक मंडलों और महिला मंडलों को इस्तेमाल करने के लिए देगी, जिनका इस्तेमाल फिलहाल नहीं हो रहा है।

ब्यूरो रिपोर्ट  शिमला

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें