अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव को लेकर सर्व देवता देव समिति ने पूरी कीं तैयारियां

उमेश भारद्वाज। मंडी

शिवरात्रि महोत्सव-2022 के सफल आयोजन को लेकर सर्व देवता देव समिति की कार्यकारिणी की बैठक माता भीमा महाकाली के मन्दिर में संपन्न हुई। इस बैठक की अध्यक्षता समिति के प्रधान शिवपाल शर्मा ने और अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि मेले में जिन देवी देवताओं को प्रशासन द्वारा निमंत्रण पत्र दिया गया है उनके लिए कमेटी द्वारा स्वागत, ठहरना, खाना, सुरक्षा आदि की व्यवस्था के बारे में विस्तृत चर्चा की गई। इस बैठक मे सभी कारदारों ने देव सदन के उद्वघाटन के बारे मे भी चर्चा की। समिति के प्रधान शिवपाल ने बताया कि अगर इस वर्ष शिवरात्रि के अवसर पर संस्कृति सदन या देव सदन का उद्घाटन मुख्यमंत्री द्वारा किया जाता है तो देवी-देवताओं के देव सदन में मुख्यमंत्री का आगमन वाद्य यंत्रों सहित किया जाएगा।

अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि मेले के दौरान बजंत्री वाद्य यंत्र प्रतियोगिता की जाती है उसकी व्यवस्था भी पड्डल में देवी-देवता के बैठने वाले स्थान पर किया जाएगा। समिति के प्रधान शिवपाल शर्मा ने कहा कि 16 देवी-देवताओं की सुरक्षा प्रशासन से मांगी गई थी वो सुरक्षा प्रशासन ने मुहैया करवा दी है। उन्होने कहा कि जहां देवी देवताओं को ठहराया जाएगा उसका निरीक्षण प्रशासन के अधिकारियों के साथ कर लिया गया है। अगर किसी भी देवी-देवता के देवलूओं को समस्या आती है तो उसका समाधान भी त्वरित तौर पर किया जाएगा।