शादी का झांसा देकर डेढ साल तक विवाहिता से यौन शोषण कर गायब हुआ युवक

पालमपुर के निकटवर्ती गांव का मामला, दो बच्चों की मां है महिला

उज्जवल हिमाचल। पालमपुर

पालमपुर के निकटवर्ती गांव की 34 वर्षीय महिला ने 25 वर्षीय युवक पर शादी का झांसा देकर लंबे समय तक यौन शोषण का आरोप लगाया है। पीडि़ता दो बच्चों की मां है। दोनों पिछले डेढ साल से दोनों एक साथ रहते थे। पता चला है कि महिला का अपने पति से तलाक तक नहीं हुआ है। एक माह से युवक के अचानक गायब होने पर महिला ने पुलिस में इस संदर्भ में शिकायत दर्ज करवाई है। जानकारी अनुसार अपने पति से अलग रहने वाली महिला ने सोमवार को पुलिस थाना पालमपुर में शादी का झांसा देकर युवक पर यौन शोषण का आरोप लगाया है।

महिला ने बताया कि शादी की बात करके डेढ वर्ष तक साथ रहने के बाद फरवरी माह में युवक अचानक गायब हो गया। इससे परेशान महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कर कथित आरोपित युवक को पकडऩे की मांग की है। बताया जा रहा है कि महिला व युवक पालमपुर में ही एक व्यासायिक संस्थान में नौकरी करते थे। इस दौरान अपने दो बच्चों संग क्वार्टर में रहने वाली महिला का युवक से संपर्क हो गया व दोनों कथित रूप से एक साथ रहने लगे। इस दौरान युवक ने कथित तौर पर महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाए व शादी करने की बात कही।

अब जबकि युवक एक माह से भूमिगत होने पर महिला की चिंता बढ़ गई है तथा पुलिस का सहयोग लेकर कथित आरोपित को थाना तलब करने की बात कही गई है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर यौन शोषण का मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। डीएसपी अमित कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए केस दर्ज करने की बात कही है। उन्होंने बताया कि पुलिस कथित आरोपित की खोजबीन करके मामले की सच्चाई से पर्दा हटाएगी।