बस-डंपर की टक्कर में छह लाेग घायल

उज्जवल हिमाचल। जम्मू

कानाचक्क के बटेडा क्षेत्र में बस और डंपर की टक्कर हो गई। इस हादसे में बस सवार छह लोग घायल हो गए। घायलों में दाे लोगों राज कुमार निवासी विजयपुर और नीलम कुमारी निवासी भरत नगर, तालाब तिल्लो काे गंभीर चोट आने के कारण उन्हें जम्मू के जीएमसी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। कानाचक्क पुलिस ने दोनों वाहनों के चालकों पर लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया। यह हादसा सोमवार सुबह नौ बजे के करीब जम्मू अखनूर मार्ग पर हुआ।

अखनूर से जम्मू की ओर जा रही बस (जेके02एएक्स-7140) जैसे ही बटेडा में पहुंची, तो इस दौरान बटेडा मार्ग से अखनूर रोड़ की ओर आ रहे डंपर (जेके02बीबी-1276) राष्ट्रीय राजमार्ग पर आ रहा था। दोनों वाहनों की गति तेज होने के कारण चालक स्टेरिंग पर नियंत्रण नहीं रख पाए और दोनों वाहनों की सामने-आमने से टक्कर हो गई। हादसे के समय बस में यात्रियों की संख्या कम थी।

बस में बैठे छह यात्री घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए भलवाल अस्पताल में ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद चार यात्रियों को छुट्टी दे दी, जबकि दो घायलों को जम्मू के जीएमसी में रेफर कर दिया गया। वहीं, इस हादसे के अति व्यस्त जम्मू अखनूर मार्ग पर वाहनों का जाम लग गया।

पुलिस कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद इस हादसे में क्षतिग्रस्त हुए वाहनों को सड़क से हटाया। जिसके बाद मार्ग पर यातायात सुचारु हो पाया। एसएचओ कानाचक्क विश्व प्राप्त सिंह ने बताया कि बस में सवार यात्रियों के बयान दर्ज किए जाएंगे, ताकि हादसे के कारणों का पता चल पाए।