दुकानदार नंदलाल ठाकुर के दोनों ही बेटे बने सिविल जज

उज्ज्वल हिमाचल। बिलासपुर
बिलासपुर से संबंध रखने वाले दो सगे भाईयों ने उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश न्यायिक सेवा में बतौर सिविल जज एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट बनकर पूरे जिले का नाम रोशन किया है। वहीं बिलासपुर जिला के कल्लर से सम्बंध रखने वाले दुकानदार नंदलाल ठाकुर के दोनों ही बेटे सिविल जज बन गए हैं। जिससे पूरे इलाके में खुशी का माहौल है। गौरतलब है कि नंदलाल के बड़े बेटे विशाल ठाकुर का चयन उत्तर प्रदेश न्यायिक सेवा में बतौर सिविल जज एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट के रूप में हुआ है जबकि उनके भाई विकास का चयन इसी साल पहले ही मध्य प्रदेश न्यायिक सेवा में बतौर सिविल जज एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट के रूप में हो चुका है। वहीं न्यायिक सेवा में बतौर सिविल जज बनने के बाद घुमारवीं स्थित अपने स्कूल पहुंचने पर स्कूल प्रबंधन व छात्रों द्वारा दोनों ही भाइयों का स्वागत किया गया।

यह भी पढ़ें: भाजपा पर दोषारोपण के बजाए, राजिंद्र राणा की चिट्ठी पर एक्शन ले कांग्रेस: कश्यप

जिसके बाद विशाल व विकास ने स्कूली छात्रों को जीवन में एक सफल इंसान बनने के टिप्स भी दिए। वहीं उत्तर प्रदेश न्यायिक सेवा में सिविल जज बने विशाल ठाकुर ने युवाओं से अपील की है कि अगर वह दृढ़ संकल्प व कड़ी मेहनत के साथ आगे बढ़ते हुए उन्हें मिलने वाली सहूलियतों का सही इस्तेमाल करेंगे तो वह जरूर एक कामयाब इंसान बनेंगे। वहीं मध्य प्रदेश न्यायिक सेवा में बतौर सिविल जज अपनी सेवाएं दे रहे विकास ठाकुर ने छात्रों से अपने परिजनों व अध्यापकों के बताए रास्ते को फॉलो करते हुए आगे बढ़ने की अपील की है।

संवाददाताः सुरेन्द्र जम्वाल

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें