शहीद विक्रम बत्रा की मां का टिकट काटते समय बीजेपी को याद नहीं आया ‘कारगिल युद्ध’: सुख्खू

उमेश भारद्वाज। मंडी

हिमाचल प्रदेश में उप चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर लगातार जारी है। वहीं, अब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं विधानसभा क्षेत्र नादौन विधायक और कांग्रेस के स्टार प्रचारक सुखविंदर सिंह सुख्खू ने भी मंडी संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव प्रचार के दौरान सीएम जयराम ठाकुर और भाजपा के खिलाफ जोरदार हमला बोला है। सुखविंदर सिंह सुख्खू ने नाचन विधानसभा क्षेत्र के दयारगी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा पर विकास के मुद्दों को छोड़कर कारगिल युद्ध को लेकर उप चुनाव लड़ने के आरोप लगाए हैं।

सुख्खू ने कहा कि….. कारगिल युद्ध के समय तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई द्वारा गलती हुई थी,जिसका जनता कड़ा जबाब देगी। उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध लड़ने वाले चुनाव लड़ रहे हैं तो वे राजनीतिक दल के सदस्य हैं। कारगिल युद्ध में हिमाचल प्रदेश के विक्रम बत्रा ने अपनी जान गंवाईं थी। लेकिन जब उनकी माता ने पिछली बार भारतीय जनता पार्टी से टिकट मांगा था तो उन्हें टिकट देने से मना कर दिया गया था। उस समय भाजपा को कारगिल युद्ध याद नहीं आया था….

सुखविंदर सिंह सुख्खू ने कहा कि कोरोना महामारी से समाज को बचाने के लिए हर पार्टी और संस्था प्रयास कर रही थी। वहीं महामारी के दौरान भारतीय जनता पार्टी के लोग पैसा कमाने का काम कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कोरोना में प्रदेश में बहुत भ्रष्टाचार हुआ है और अभी प्रदेश में भाजपा की सरकार है जिस कारण फाइलें दबी हुई है। कोरोना के दौरान हुए भ्रष्टाचार को लेकर मुख्यमंत्री कब जांच करवाएंगे।