सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने सम्मानित किए बुजुर्ग

एमसी शर्मा। नादौन

हिमाचल प्रदेश सरकार के दिशा निर्देश के अनुरूप सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग हिमाचल प्रदेश के सौजन्य से बुजुर्गों के सम्मान में 17 सितंबर से 23 सितंबर तक आयोजित सेवा सप्ताह के तहत प्रज्ञात दिवस का आयोजन नादौन के सांस्कृतिक सदन में एसडीएम नादौन विजय धीमान की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। जानकारी देते हुए तहसील कल्याण अधिकारी सुभाषचंद्र कौशल ने बताया कि सर्वप्रथम वरिष्ठ नागरिकों व अध्यक्ष महोदय का हार्दिक अभिनंदन किया गया। उसके उपरांत विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।

उन्होंने बताया कि इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों द्वारा अपने अपने जीवन पर प्रकाश डाला गया तथा अपने जीवन की विशेष घटनाओं की जानकारी दी सबके साथ साझा की गई। वहीं, कुछ वरिष्ठ नागरिकों ने अपनी व्यथा लिखित तौर पर भी व्यक्त की।

उन्होंने बताया कि आयोजन के दौरान एसडीएम नादौन विजय धीमान ने वरिष्ठ नागरिकों का आभार व्यक्त किया तथा इस उम्र में स्वस्थ रहने के टिप्स भी दिए। इसी के साथ उन्होंने उनके सुखी जीवन व दीर्घायु की कामना भी की। आयोजन के अंत में समस्त वरिष्ठ नागरिकों को उनके सम्मान में स्मृति चिन्ह भी भेंट किए गए। प्रशासन द्वारा इस दिवस के आयोजन पर वरिष्ठ नागरिकों द्वारा भी आभार व्यक्त किया गया।

इस मौके पर डीएस मिन्हास, जेसी राम तख्खी, एस के डोगरा, बीडी शर्मा , पीसी तोमर, सुदेश शर्मा, अमर सिंह परिहार, सुभाष शर्मा ,नानक चंद, डॉ कुलदीप, इंदुबाला, संतोष कुमारी व सुदर्शन सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।