कटड़ा में गंगाजल का छिड़काव करना भाजपा की दोगली राजनीति : कांग्रेस

उज्जवल हिमाचल डेस्क…

कांग्रेस सांसद एवं वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की श्री माता वैष्णो देवी यात्रा के उपरांत कटड़ा के मुख्य स्थानों पर गंगाजल का छिड़काव करने पर कांग्रेस पार्टी ने आग बबूला हो गई है। कांग्रेस में भाजपा को माफी मांगने को कहा है। प्रेसवार्ता में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने गंगाजल का अपमान किया है। जूते और चप्पल पहनकर गंगाजल का छिड़काव किया गया। इतना ही नहीं राहुल गांधी के आने पर भाजपा की ओर से कटड़ा की धरती को अपवित्र करार दिया गया, जोकि करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है।


पार्टी के नेताओं ने कहा कि कांग्रेस सांसद कटड़ा में सिर्फ माता के दर्शनों के लिए आए थे, जहां उन्होंने राजनीति से जुड़ी कोई भी बात नहीं की। जम्मू से कटड़ा और पुराने दरुड़ गांव तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत करते हुए पार्टी के झंडे भी लहराए लेकिन भाजपा ओछी राजनीति कर रही है। यह कहा जा रहा है कि कांग्रेस ने माता के भवन पर जाकर झंडा फहराया और नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि कटड़ा में गंगाजल छिड़काव के बाद भाजपा की दोगली राजनीति समझ में आती है। भाजपा नेता हेलिकॉप्टर से दर्शन के लिए आते हैं वीआईपी बनकर जाते है। लेकिन राहुल गांधी ने माता के दर्शन पैदल चलकर किए, यही बात भाजपा को चुभ गई है।