गैर संक्रामित रोगों की निगरानी करने में प्रदेश सरकार अव्वल : विजय अग्निहोत्री

एमसी शर्मा। नादौन

हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री ने लोगों के कल्याण के प्रति प्रदेश सरकार के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि गैर संक्रामित रोगों की निगरानी करने में हिमाचल पूरे देश में अव्वल रहा है। उन्होंने कहा कि विकट भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद राज्य की जनता के बीच स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर और तीव्र गति से पहुंचाने में भाजपा सरकार ने नया रिकॉर्ड कायम किया है। निगम उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री ने प्रदेश की इस उपलब्धि का श्रेय मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की कुशल नेतृत्व क्षमता को देते हुए स्वास्थ्य मंत्री राजीव सैजल के सतत प्रयासों की भी
सराहना की।

उन्होंने कहा कि हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्य के लिए स्वास्थ्य क्षेत्र में अब्बल दर्जे पर आना कोई छोटी बात नहीं है। इस मिशन में आशा वर्करों से लेकर पूरे स्वास्थ्य विभाग के मैडिकल और पैरा मैडिकल स्टाफ सहित सरकारी मशीनरी ने कड़ी मेहनत की है। उन्होंने कहा कि अभी तक आशा कार्यकर्ताओं द्वारा 21 लाख 65 हज़ार लोगों का जोखिम मूल्यांकन किया जा चुका है और यह अभियान लगातार चल रहा है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा 6 लाख 87 हज़ार लोगों की गैर संक्रमण रोगों के लिए स्वास्थ्य जांच की जा चुकी है।

इस कार्यक्रम में पूरे प्रदेश की जनता की गहन जांच सरकारी खर्चे पर की जाएगी। भाजपा नेता और निगम उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश की जयराम सरकार ने कोरोना संकट काल में लोगों की स्वास्थ्य सुविधाओं और समयबद्ध जांच को सुनिश्चित बनाने के लिए संवेदनशीलता से कार्य किया है।

यही वजह है कि आज हिमाचल प्रदेश गैर संक्रमण रोगों की निगरानी करने वाले राज्यों में पूरे देश भर में अब्बल राज्य बन कर उभरा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के सत्ता में तीन वर्ष मुकम्मल होने पर हिमाचल द्वारा हर क्षेत्र में परचम लहराने से ये साबित होता है कि जनहित के कार्यों को मौजूदा जयराम सरकार ने बुलंदियों पर पंहुचाया है। उन्होंने कहा कि इस सरकार का दूर-दूर तक अब कोई भी विकल्प सामने नहीं है।