राज्य स्तरीय चेस प्रतियोगिता: राइजिंग स्टार पब्लिक स्कूल चंबा की हर्षिता ने हासिल किया दूसरा स्थान

शैलेश शर्मा। चंबा

राइजिंग स्टार पब्लिक स्कूल चम्बा की छात्रा हर्षिता ने प्रदेश स्तर पर जिला चम्बा और अपने स्कूल का नाम रोशन किया है। चेस इन स्कूल कार्यक्रम के तहत 20 से 25 फरवरी तक करवाई गई ऑनलाइन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हर्षिता ने अंडर-17 ओपन वर्ग में दूसरा स्थान हासिल किया है।

हिमाचल प्रदेश राज्य शतरंज संघ की ओर से करवाई गई इस प्रतियोगिता में सात से 17 वर्ष तक के 84 खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। अब हर्षिता मई माह में ओड़ीसा में होने वाली राष्ट्र स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में भाग लेकर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगी।

राइजिंग स्टार पब्लिक स्कूल चम्बा के प्रधानाचार्य संजीव सूरी ने बताया कि इससे पहले भी हर्षिता कई जिला व राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी है। जल्द ही हर्षिता के सम्मान में स्कूल परिसर में सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा ताकि अन्य विद्यार्थियों को भी प्रोत्साहन मिल सके।

सूरी ने कहा कि स्कूल में विद्यार्थियों को शिक्षित करने के साथ- साथ उनकी प्रतिभा को पहचानकर उन्हें निखारने पर भी बल दिया जाता है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए हर्षिता, उसके अभिभावकों सहित स्कूल के समस्त स्टाफ को भी शुभकामनाएं दी हैं।