शरण कॉलेज की छात्राओं ने लगाए ऑक्सीजन से भरपूर वटवृक्ष

उज्जवल हिमाचल। कांगड़ा

आज के बदलते परिवेश में जहां पेड़ों को अनदेखा किया जा रहा है। वहीं, शरण कॉलेज ऑफ एजुकेशन फ़ॉर वोमेन घुरकड़ी (कांगड़ा) की छात्राओं ने विश्व पर्यावरण दिवस पर ऑक्सीजन से भरपूर पौधे लगाए तथा लोगों को भी पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया। डीएलएड और बीएड की करीब 300 प्रशिक्षु छात्राओं ने पौधरोपण किया। जिसके अंतर्गत उन्होंने वटवृक्ष, पीपल, अमरूद व नींबू आदि के पौधे लगाए। इसके साथ ही उनके बीच निबंध प्रतियोगिता भी हुई, जिसमें भी उन्होंने काफी उत्साह दिखाया। कहते हैं कि कुछ करने का जज्बा अगर दिल में हो तो बड़ी से बड़ी मुश्किल भी रास्ता नहीं रोक सकती। यही कहावत शरण कॉलेज की छात्राओं पर खरी उतरती है।

उन्होंने अपने कर्त्तव्य का पालन करते हुए घर पर रहकर ही पर्यावरण को स्वच्छ व स्वस्थ बनाने का बीड़ा उठाया। ऑनलाइन करवाई जाने वाली हर प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। कॉलेज प्राचार्या डॉ सुमन शर्मा ने छात्राओं के कार्य को काफी सराहा तथा उनसे घर तथा आसपास के वातावरण को शुद्ध बनाए रखने की अपील की। साथ ही आगे के लिए भी जब तक ऑफलाइन क्लासिज शुरू नहीं हो जातीं, तब तक घर पर रहकर ही प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित किया।