विश्व पर्यावरण दिवस पर किया पौधारोपण और सफाई अभियान

उज्जवल हिमाचल ब्यूराे। मंडी

विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य पर मंडी ज़िला प्रशासन ने रेडक्रॉस सोसायटी और हैल्पिंग हैंड संस्था के स्वयं सेवियों के सहयोग से नगर निगम मंडी के कांगनीधार एवं इसके आस-पास के क्षेत्र में पौधारोपण अभियान चलाया। अतिरिक्त उपायुक्त जतिन लाल ने स्वयं अभियान की अगवाई की और पौधारोपण किया। इस असवर पर क्षेत्र को प्लास्टिक कचरा मुक्त बनाने के लिए सफाई मुहिम भी चलाई गई। अतिरिक्त उपायुक्त ने युवाओं के साथ मिल कर प्लास्टिक कचरा उठाया और लोगों से पर्यावरण को साफ रखने की अपील की।

उन्होंने कहा कि पर्यावरण का संरक्षण और इसे साफ सुथरा रखना हम सभी का फर्ज है। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनका संरक्षण करने की अपील की। जतिन लाल ने जनता से यह भी आग्रह किया कि अपने आस पास के परिवेश में स्वच्छता रखें। कूड़े कचरे को खुले में न फेंके, ताकि पर्यावरण साफ रहे। अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव ओपी भाटिया, हैल्पिंग हैंड संस्था के सदस्य और अन्य युवा इस अभियान में उनके साथ रहे।