मंडी में 4 वर्ष बाद हुई फोरलेन को लेकर सब-कमेटी की बैठक, प्रभावित नाखुश

उमेश भारद्वाज। मंडी

हिमाचल प्रदेश के फोरलेन प्रभावितों की समस्याओं के समाधान के लिए चार वर्ष पहले बनी मंत्रीमंडल की सब कमेटी की पहली बैठक आज मंडी स्थित मुख्यमंत्री संवाद कक्ष में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता सब कमेटी के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने की। उनके साथ सब कमेटी के सदस्य कैबिनेट मंत्री गोबिंद सिंह ठाकुर और राकेश पठानिया भी विशेष रूप से मौजूद रहे।

प्रदेश भर से आए फोरलेन प्रभावितों ने सब कमेटी के समक्ष अपनी बातें रखी। इसमें चार गुणा मुआवजा, पुर्नवास और पुर्नस्थापना जैसी मांगों को सभी प्रभावितों ने प्रमुखता से रखा।

बैठक के बाद मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए कैबिनेट मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार फोरलेन प्रभावितों की समस्याओं के समाधान को लेकर पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। फोरलेन प्रभावितों ने जो बातें रखी हैं उनपर एक बार अधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद इन्हें मंत्री परिषद की बैठक में ले जाया जाएगा। उन्होंने फोरलेन प्रभावितों को आश्वस्त किया कि उनकी जायज मांगों पर जल्द ही निर्णय ले लिया जाएगा।

बैठक से नाखुश नजर आए प्रभावित….

फोरलेन प्रभावित चार वर्ष बाद हुई बैठक से नाखुश नजर आए। फोरलेन प्रभावितों का कहना है कि अगर यह बैठक चार वर्ष पूर्व हो गई होती तो आज तक उनकी समस्याओं का समाधान हो चुका होता। अब चुनावी वर्ष में सरकार ने यह बैठक बुलाई है जिसमें उन्होंने अपनी बातें रख दी हैं। इन्होंने उम्मीद जताई है कि सरकार चुनावों से पहले फोरलेन प्रभावितों की समस्याओं और मांगों का समझते हुए उनपर जल्द से जल्द कोई न कोई निर्णय जरूर लेगी। बैठक में सचिव राजस्व ओंकार शर्मा, एडीसी मंडी जतिन लाल, एडीएम मंडी राजीव कुमार और अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।