सीएम के ड्रीम प्रोजेक्ट शिवधाम पर सुधीर शर्मा ने खड़े किए सवाल

उज्जवल हिमाचल ब्यूराे। शिमला

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा ने आरोप लगाया है कि  शिवधाम के पहले चरण में प्रदेश पर्यटन निगम ने मुंबई की एक कंपनी को 18 करोड़ की अनुमानित लागत वाले टेंडर को 36 करोड़ में आबंटित कर दिया। इस संबंध में उन्होंने मीडिया में कुछ दस्तावेजों की प्रतिलिपियां भी जारी की है। सुधीर शर्मा ने यहां जारी बयान में कहा है कि इस कार्य के लिए निविदाएं बीते वर्ष 20 से 25 नवंबर के बीच आमंत्रित की गईं थी।

उस समय निविदाओं में उक्त कार्य की अनुमानित लागत 18 करोड़ रखी गई थी। ऐसे में 4 कपंनियों ने टेंडर प्रक्रिया में भाग लिया था, लेकिन इसी बीच 25 फरवरी, 2021 को यह काम मुंबई की एक कंपनी को 36 करोड़ में आंबटित कर दिया गया है। पूर्व सुधीर शर्मा ने जारी बयान में उक्त परियोजना के निर्माण में बड़े भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि प्रदेश के पर्यटन विभाग का जिम्मा मुख्यमंत्री के पास है। ऐेसे में  मुख्यमंत्री जनता को बताए कि यह कार्य 18 करोड़ से 36 करोड़ का कैसे हो गया।