लडभड़ोल में जल्द होगा सुलभ शौचालय का लोकार्पण : प्रकाश राणा

लक्की शर्मा। लडभड़ोल

आज विधायक प्रकाश राणा ने लडभड़ोल गोरा रेस्ट हाउस में कार्यकर्ताओं के साथ मीटिंग की व जनता की समस्याओं को विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में हल किया। विधायक ने कहा कि आज लडभड़ोल को सिविल हॉस्पिटल मिला, आईटीआई मिली, 36 करोड़ की पानी की स्कीम का काम चला हुआ है।

आज भड़ोल में सुलभ शौचालय बन रहा है जो भड़ोल वासियों की सबसे पहली मांग थी। जिसके ऊपर जोगिन्दरनगर विस क्षेत्र के राजनेताओं ने राजनीति करके भड़ोल की जनता को गुमराह किया। पर जनता अब समझ चुकी है कि उनके लिए क्या सही है। विधायक ने कहा कि हम राजनीति को नहीं विकास को महत्व देंगे।

भड़ोल कि जनता के साथ हमेशा सौतेला व्यवहार हुआ है। पर अब ऐसा नहीं होगा हर क्षेत्र में एक समान विकास होगा, हर क्षेत्र में विकास कार्य हो रहे हैं। जनता अब सब कुछ समझ रही है। आज चारों तरफ जोगिन्दर नगर की सड़कों पर एक समान टायरिंग हो रही है। हर क्षेत्र में एक समान पानी की स्कीमें लगाई जा रही हैं।