शिक्षक विजय हीर को मिलेगा भारत ज्योति शिक्षक प्रतिभा पुरस्कार

मुंबई की मनुष्यबल विकास लोकसेवा अकादमी गुरूपर्व पर देगी अवार्ड

एसके शर्मा। हमीरपुर

हमीरपुर जिला के घंगोट स्कूल में तैनात टीजीटी कला शिक्षक विजय हीर का चयन भारत ज्योति शिक्षक प्रतिभा पुरस्कार 2021 हेतु हुआ है। मुंबई की मनुष्यबल विकास लोकसेवा अकादमी ने आज जारी पुरस्कार विजेताओं की सूची में उनके नाम को पुरस्कार सूची में शामिल किया है। गुरु पर्व के अवसर पर मुंबई से होने वाले वर्चुअल समारोह में हीर को ये अवार्ड मिलेगा। शिक्षक विजय हीरवर्तमान में राजकीय टीजीटी कला संघ के प्रदेश महासचिव हैं और इन्हाेंने 100 इंटरनेशनल कोर्सों सहित कुल 1300 ऑनलाईन कोर्स सर्टिफिकेट 8 माह में अर्जित किए हैं।

कोर्नेल यूनिवर्सिटी अमेरिका व यूएन, यूनिसेफ, युनेस्को, विश्व स्वास्थ्य संगठन, कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय बेरक्ले, ग्लोबल एजुकेशन क्लस्टर आदि से 100 इंटरनेशनल कोर्स सर्टिफिकेट अर्जित किए हैं। कोर्नेल यूनिवर्सिटी में सर्टिफिकेट 100 प्रतिशत अंक पाने पर ही मिलता है। भारत सरकार पोर्टल से विविध 100 सर्टिफिकेट और मानव संसाधन मंत्रालय के दीक्षा पोर्टल से उन्होंने 1100 सर्टिफिकेट विविध कोर्स 8 माह में अर्जित किए हैं और बिन सर्टिफिकेट वाले 500 कोर्स किए हैं। इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्डस ने उनके इस 900 कोर्स 4 माह में पूर्ण करने के सबसे तेज़ रिकॉर्ड को विश्व रिकॉर्ड रूप में दर्ज भी किया है।

हीर ने कक्षा 6 से 10 की अंग्रेज़ी व सामाजिक अध्ययन की 28 पुस्तकों की ई-पाठ योजनाओं का निर्माण लॉकडाउन लगते ही 28 दिन में करते हुए ऑनलाईन शिक्षा घर से चलाने हेतु उन्होंने बेहतर कार्य किया था। प्रदेश की पाठ्यपुस्तकों से तीन हज़ार से ज्यादा अशुद्धियां खोजकर ठीक करवाई और शिक्षा क्षेत्र में सैकड़ों नवाचार किए। इस वर्ष भारत दर्शन श्रृंखला निर्माण, भाषा संगम के जरिए देश की 8 भाषाएं सिखाने हेतु नए प्रयोग, पशु-पक्षियों हेतु दाना-पानी कॉर्नर बनवाना, रीड एलोंग एप से बच्चों को एक माह में 15 घंटे से अधिक पढ़ने हेतु प्रेरित करने सहित विविध कार्य किए हैं।

बतौर बीआरसीसी उनके कार्यों की सराहना वर्ष 2017 में मानव संसाधन मंत्रालय सचिव अनिल स्वरूप ने भी की थी। हीर को अब तक सात राज्य स्तरीय पुरस्कार मिले हैं और अंतरराष्ट्रीय विश्व रिकॉर्ड बुक में भी उनका नाम दर्ज है और उन्होंने बतौर शिक्षक, शिक्षक नेता और लेखक अनेकों महत्वपूर्ण कार्य किए हैं।