नए वर्ष का पहला लोहड़ी त्योहार, मूंगफली, रेवड़ी और गजक से सजे बाजार

कड़ाके की ठंड के बीच कल मकर सक्रांति पर लोग लगाएंगे आस्था की डुबकी

उज्ज्वल हिमाचल। शिमाला

वर्ष का पहला त्योहार लोहड़ी आज मनाया जा रहा है। लोहड़ी पर्व पर लोग आज बाजार में खरीदारी करते नजर आए। वहीं इस वर्ष लोगों में मकर सक्रांति को लेकर संशय की स्थिति बनी हुई है कि कब वह शाही स्नान कर व्रत रखें और दान करें। पंचांग के अनुसार इस वर्ष भी मकर सक्रांति का पर्व 14 जनवरी को ही मनाया जाएगा। वहीं दोनों त्यौहारों को लेकर तिल, मूंगफली, गच्चक, रेवड़ी व बादाम के बने आइटम लोगों द्वारा पसंद किए जा रहे हैं। राजधानी में इस मौके पर विभिन्न जगहों पर कार्यक्रमो का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष लोहड़ी का शुभ मुहूर्त शाम 5:38 से रात 7:40 तक रहेगा।

पंडित उमेश नोटियाल ने बताया कि लोहड़ी का पर्व इस वर्ष आज है। लोहड़ी को पूजने का शुभ मुहर्त शाम 5:38 से रात 7:40 तक रहेगा पूरी विधि विधान से इस समय के बीच लोहड़ी का पूजन शुभ रहेगा। वहीं उन्होंने मकर सक्रांति की तिथि को लेकर चल रहे संशय को लेकर कहा कि 14 जनवरी को मकर संक्रांति है। उन्होंने कहा कि शास्त्रों और पंचांग के अनुसार यह पर्व रविवार को ही मनाया जाएगा।

मकर संक्रांति के दिन से सूर्य की उत्तरायण गति प्रारंभ होती है, इसलिए इसको उत्तरायणी भी कहते हैं दक्षिणायन को देवताओं की रात्रि यानी नकारात्मकता का प्रतीक और उत्तरायण को देवताओं का दिन अर्थात सकारात्मकता का प्रतीक माना गया है। इसलिए इस दिन जप, तप, दान, स्नान, श्राद्ध, तर्पण आदि धार्मिक क्रियाकलापों का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि 14 जनवरी को मकर सक्रांति का व्रत लिया जा सकता है और इस दिन तीर्थस्थलों में स्नान का विशेष महत्व है।दान पुण्य करने वाले लोग 15 जनवरी को भी दान कर सकते हैं।

ब्यूरो रिपोर्ट शिमला

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें