खुले में कूड़ा फेंकने वालों की अब खैर नहीं

उमेश भारद्वाज। सुंदरनगर

नगर परिषद सुंदरनगर को लगातार शहर में कूड़ा फैलाने को लेकर आए दिन मिल रही शिकायतों  पर नगर परिषद प्रबंधन अब सख्त हो गया है। इसको लेकर नगर परिषद द्वारा 500 से 1 लाख रूपये तक जुर्माने का प्रावधान किया है। इसके साथ सुंदरनगर शहर में हर दिन गीला और सूखा कूड़ा अलग-अलग समय पर उठाया जाएगा। इसके अलावा प्लास्टिक कचरा नगर परिषद 75 प्रति किलो के हिसाब से आम जनता से खरीद करेगी। यह प्रक्रिया 1 सितंबर से शहर में लागू कर दी जाएगी।

जानकारी देते हुए नगर परिषद कार्यकारी अधिकारी उर्वशी वालिया ने कहा कि एनजीटी के निर्देशों के तहत शहर में अगर कोई भी खुले में गंदगी कूड़ा कचरा फैंकते हुए पाया गया तो उसका 500 से लेकर 1 लाख रूपये तक का चालान काटा जाएगा। वालिया ने कहा कि नियमों की अवहेलना करने वाले को किसी भी सूरत में नहीं बख्शा जाएगा और उनके चालान काटे जाएंगे। दोषी अगर जुर्माना नहीं भरते तो केस बनाकर कोर्ट में आगामी कार्यवाही के लिए भेज दिया जाएगा। इसके साथ उन्होंने कहा की नगर परिषद शहर की जनता से 75 रूपये प्रति किलो के हिसाब से प्लास्टिक कचरा जनता से खरीदेगा। वहीं उन्होंने सुंदरनगर की जनता से आग्रह किया है कि सुंदरनगर शहर को साफ-सुथरा और सुंदर बनाने के लिए प्रयोग करें ताकि यहां पर विकास को सिरे चढ़ाया जा सके।

कार्यकारी अधिकारी उर्वशी वालिया ने कहा कि जल्द ही सुंदरनगर शहर में स्थापित किए गए सीसीटीवी कैमरों के जरिए लोगों की निगरानी जाएगी और जो भी लोग सीसीटीवी कैमरे में नियमों की उड़ा करते हुए खुले में गंदगी हुए नजर आए। उनके चालान काटे जाएंगे। वर्तमान में डोर टू डोर लोगों से कूड़े कचरे के संग्रहण के लिए शुल्क की उगाही स्वयं सहायता समूह की महिलाएं करेंगी। इसके लिए टीम का गठन कर दिया गया है। हर वार्ड में जाकर लोगों को जागरूक भी करेंगे और शुल्क भी लिया जाएगा। वर्तमान में 1 लाख के तकरीबन कूड़ा कचरे के संग्रहण से शुल्क अर्जित हुआ है।