आज पेश होगा नगर निगम धर्मशाला वर्ष 2022-23 का पहला बजट, इन योजनाओं पर होगा फोकस

उज्जवल हिमाचल। धर्मशाला

नगर निगम धर्मशाला का वर्ष 2022-23 का वार्षिक बजट आज पेश किया जाएगा। नगर निगम के महापौर ओंकार नैहिरया अपने कार्यकाल का पहला बजट पेश करेंगे जबकि नगर निगम का यह छठा बजट है। धर्मशाला नगर निगम का बजट में पिछले वर्ष की अपेक्षा छह करोड़ रुपये की वृद्धि होने की संभावना है। वर्ष 2021-22 में नगर निगम का 149.32 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तुत किया गया था, जिसमें वृद्धि के साथ इस बार करीब 155 करोड़ रूपये के बजट प्रस्तुत किए जाने की संभावना है।

हर वार्ड के लिए 50-50 लाख का प्रावधान…

धर्मशाला नगर निगम के महापौर ओंकार नैहरिया यह पहला बजट पेश करेंगे, जबकि नगर निगम का वर्ष 2022-23 का बजट छठा बजट होगा। बताया जा रहा है कि इस बार के वार्षिक बजट में हर वार्ड के लिए 50-50 लाख रुपये खर्च करने की प्रावधान रखा गया है।

जनसहभागिता योजना पर विशेष ध्यान…

इसके अलावा इस बजट में विकास में जनसहभागिता योजना पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके लिए एक करोड़ के करीब का बजट रखा गया है। योजना के तहत 50-50 प्रतिशत भागीदारी के लोग अपने कार्य कर सकते हैं। इसमें 50 फीसद पैसा लोग खर्च करेंगे और 50 फीसदी पैसे नगर निगम धर्मशाला चुकाएगी। इसके अलावा बजट में मुख्यमंत्री शहरी आजीविका गारंटी योजना को लेकर भी विशेष बजट का प्रावधान किया जाएगा।