नहीं लडूंगा अगला चुनाव, पार्टी से बाहर निकाले जाएंगे गद्दार : वीरभद्र सिंह

बोले, मरते दम तक कांग्रेसी ही रहूंगा
एक गद्दार करता है गद्दारों की फौज तैयार

उज्जवल हिमाचल ब्यूरो। सोलन
मुझे कांग्रेस पार्टी से प्यार है और मैं हमेशा कांग्रेस पार्टी के साथ ही रहूंगा। यह बात पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह ने कही। कुनिहार दौरे पर पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वह अगला चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि वह कांग्रेसी हैं और मरते दम तक कांग्रेसी रहेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी में गद्दारी को बर्दाश्त मत करो। गद्दार पार्टी में रहते हुए पार्टी को कमजोर करते हैं। गद्दारों को बाहर का रास्ता दिखाना ही जरूरी है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग बनते हैं कांग्रेसी और अपने स्वार्थ के लिए कांग्रेस को हराते हैं। एक गद्दार आगे चल कर गद्दारों की फौज पैदा करेगा। इसलिए गद्दारों से प्रार्थना है कि आपको कांग्रेस में नहीं रहना है तो छोड़कर चले जाएं। कांग्रेस में रहकर जो पार्टी की पीठ पर छूरा मार रहे हैं, उनका कांग्रेस में कोई स्थान नहीं है। इससे अच्छा नए लोग आएं। जिला सोलन के उपमंडल अर्की के कुनिहार में आज वीरभद्र सिंह नवनिर्वाचित कांग्रेस समर्थित प्रधानों, उपप्रधानों व बीडीसी सदस्यों को शपथ ग्रहण समारोह के उपरांत आशीर्वाद देने पहुचे थे। कुनिहार पहुंचने पर कांग्रेस प्रदेश सचिव राजेंद्र ठाकुर व अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा विधायक वीरभद्र सिंह का जोरदार स्वागत किया गया। मीडिया से बात करते हुए वीरभद्र सिंह ने कहा कि जो भी पार्टी के साथ गद्दारी करेगा, उसे बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। आज विधानसभा क्षेत्र अर्की में कांग्रेस पार्टी का कद बहुत ऊंचा है और सबको एकजुट होकर कार्य करना चाहिए। क्योंकि कांग्रेस पार्टी में सभी एक समान हैं।