भू-स्खलन की जद में आने से दो मजदूरों की माैत

शैलेश शर्मा। चंबा

उपमंडल के बन्नी-ढकोग संपर्क मार्ग पर मंगलवार दोपहर बाद सड़क कटिंग कार्य के दौरान हुए भू-स्खलन की जद में आने से दो मजदूरों की मलबे में दबने से मौत हो गई। मृतकों में एक काे नेपाली मूल और दूसरा स्थानीय मजदूर बताया जा रहा है। मृतकों की पहचान विजय कुमार वासी नेपाल और अजय कुमार वासी गांव छतराड़ पोस्ट ऑफिस औराफाटी तहसील भरमौर के तौर पर हुई है। जानकारी के अनुसार बन्नी-ढकोग मार्ग पर दियोला के समीप चल रहे सड़क कटिंग कार्य के दौरान ठेकेदार के पास कार्यरत विजय कुमार व अजय कुमार ड्रिलिंग के कार्य में जुटे हुए थे।

इसी दौरान अचानक भू-स्खलन आरंभ हो गया। इससे पहले कोई कुछ समझ पाता विजय कुमार व अजय कुमार मलबे के नीचे दब गए। मौके पर मौजूद सहयोगियों ने बड़ी मुश्किल से मलबे में दबे इन दोनों को बाहर निकालकर सिविल अस्पताल भरमौर पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। आरंभिक जांच में यह घटना एक हादसा आंकी गई है। उधर, एसपी चंबा डा. मोनिका भुटुंगरू ने घटना की पुष्टि की है।

चट्टान गिरने से मार्ग अवरूद्ध, लाेग परेशान
जिला चंबा के जनजातीय क्षेत्र भरमौर के हड़सर मार्ग पर प्रंघाला नामक स्थान के समीप सड़क पर एक चट्टान गिरने से समूचा मार्ग बाधित हो गया। गनीमत यह रही की जिस समय चट्टान गिरी, उस समय इस स्थान पर कोई भी वाहन मौजूद नहीं था। अन्यथा काेई बड़ी घटना घट सकती थी। इस पहाड़ी के दरकने से वहानों की आवाजाही पूर्णता बंद हो गई है, जिस कारण से लोगों को काफी दिक्कतें पेश आ रही हैं।

लोक निर्माण विभाग भरमौर के मुताबिक इस चट्टान को पहले तोड़ना पड़ेगा। उसके बाद ही मार्ग बहाल हो सकता है। बताते चले कि मार्ग बंद होने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई लोगों को पहाड़ी के रास्ते से गुजरते हुए गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है। वहीं, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता (एसडीओ) भरमौर भगवान दास कपूर का कहना है कि लोक निर्माण विभाग की पूरी कोशिश रहेगी कि आज ही रोड को बहाल किया जाए।