देश में टीकाकरण अभियान ने भी पकड़ी रफ्तार

टीकाकरण अभियान के तहत लाभार्थियों को 57वें दी लगभग 15.19 लाख खुराकें

उज्जवल हिमाचल। नई दिल्ली

कोरोना वायरस के खिलाफ टीकाकरण अभियान के 57वें दिन 15.19 लाख खुराकें लाभार्थियों को दी गईं। इससे एक दिन पहले रिकॉर्ड 20.53 लाख डोज दी गई थी। इसके साथ ही अब तक कुल 2 करोड़ 97 लाख डोज लाभार्थियों को दी जा चुकी हैं। मंत्रालय के मुताबिक 13 मार्च तक 15,19,952 में से 12,32,131 लोगों को टीके की पहली खुराक दी गई, जिनमें स्वास्थ्य कर्मी (एचसीडब्ल्यू) और अग्रिम मोर्चे पर कार्यरत कर्मी(एफएलडब्ल्यू) शामिल हैं। साथ ही 2,87,821 स्वास्थ्यकर्मियों और फ्रंटलाइन वर्कर्स को दूसरी खुराक दी गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में 16 जनवरी को देशव्यापी टीकाकरण अभियान की शुरूआत की थी।

मंत्रालय की एक रिपोर्ट के मुताबिक अब तक 2 कोरड़ 97 लाख 38 हजार 409 खुराक दी गई हैं। बयान में आगे कहा गया। इनमें 2 करोड़ 43 लाख 7 हजार 635 पहली खुराक, जबकि 54 लाख 30 हजार 774 दूसरी खुराक दी गई है। इस मामले में महाराष्ट्र, गुजरात, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश सबसे आगे हैं। महाराष्ट्र में सबेस ज्यादा 27.83 लाख टीका लगाया गया है, जिसमें 23.85 लाख पहली खुराक और 3.97 लाख दूसरी खुराक दी गई है। गुजरात में 24.85 लाख वैक्सीन की डोज दी गई है, इसमें से 19.81 लाख पहली और 5.3 लाख दूसरी डोज दी गई है।

मंत्रालय के मुताबिक शुक्रवार को लगाए गए कुल टीकों में से 74 फीसद केवल आठ राज्यों में ही दिए गए। इनमें सबसे ज्यादा 3.3 लाख टीके उत्तर प्रदेश में लगाए गए। मंत्रालय ने बताया कि 10 राज्यों में 69 फीसद लाभार्थियों को टीके की दूसरी खुराक भी दी जा चुकी है और इसमें उत्तर प्रदेश (4,99,242 डोज) का हिस्सा 9.71 फीसद है। कोरोना के खिलाफ टीकाकरण अभियान में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आइओसी) भी अहम भूमिका निभा रहा है।

आइओसी कई राज्यों को कोल्ड चेन उपकरण मुहैया करा रहा है। इनमें जम्मू-कश्मीर, तमिलनाडु, बिहार और मणिपुर शामिल हैं। कंपनी की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि इन राज्यों को आइस-लाइन रेफ्रिजरेटर, डीप फ्रीजर, वाल्क-इन-कूलर, वाल्क-इन-फ्रीजर, रेफ्रिजरेटेट ट्रक जैसे कोल्ड चेन उपकरण दिए जा रहे हैं।