धनेटा और गलोड़ मे खोले जाएंगे पशु चिकित्सालय

एस के शर्मा। हमीरपुर

नादौन विधानसभा क्षेत्र के धनेटा और गलोड़ में पशु चिकित्सालय खोले जाएंगे। इन दोनों जगहों पर पहले से स्थापित वैटनरी डिस्पेंसरियों को स्तरोन्नत कर लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा किया जाएगा। यह जानकारी देते हुये हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष और पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री ने कहा कि धनेटा और गलोड़ इलाके के लोगों की लंबे अरसे से चली आ रही इस मांग को उन्होंने प्रदेश सरकार के समक्ष उठाया जिस पर सरकार ने अपनी सहमति प्रदान कर क्षेत्र के लोगों को यह सुविधा प्रदान की है। उन्होंने इसके लिये मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और पशुपालन मंत्री वीरेंद्र कंवर का आभार व्यक्त किया है। पूर्व विधायक और एचआरटीसी के उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री ने जानकारी दी कि नादौन उपमंडल में अभी तक जसाई, रैल और नादौन में ही पशु चिकित्सालय थे। जबकि धनेटा और गलोड़ क्षेत्र आबादी और पशुपालन के हिसाब से सघन क्षेत्र होने के वावजूद अभी तक इस सुविधा से वंचित थे।

उन्होंने कहा कि धनेटा और गलोड़ में पशु चिकित्सालय खुल जाने से नादौन विधानसभा क्षेत्र में पशु चिकित्सालयों की कुल संख्या पांच हो जाएगी। उन्होंने कहा कि गलोड़ क्षेत्र में वैटनरी हॉस्पिटल खुलने से उस इलाके की करीब दो दर्जन पंचायतों के किसानों-पशुपालकों को सीधे तौर पर लाभ पंहुचेगा। जबकि धनेटा क्षेत्र में नादौन उपमण्डल के अतिरिक्त ऊना जिले के सीमावर्ती पिपलू क्षेत्र के किसान पशुपालक भी इससे लाभान्वित होंगें। उन्होंने कहा कि मौजूदा भाजपा सरकार मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में निरंतर लोगों के कल्याण हेतु जनहितैषी फैसले लेकर लोगों की खुशहाली और तरक्की के लिये कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि नादौन विधानसभा क्षेत्र में विकास के कार्यों को लेकर प्रदेश सरकार गम्भीरता और प्रतिबद्धता के साथ कृतसंकल्प होकर कार्य कर रही है। उधर धनेटा व गलोड़ कस्बे में पशु चिकित्सालय की घोषणा से गदगद भड़ौली भगौर गऊशाला के संस्थापक अध्यक्ष सुखदेव शास्त्री,पशु चिकित्सालय की घोषणा पर बीडीसी सदस्य अतुल शर्मा, पुष्पा वर्मा, हंस राज, गोइस के उपप्रधान बालक राम, बीडीसी मेंबर केशव कपिल, रमेश कपिल, राजेश नंदा, बधरू पंचायत के प्रधान संजीव कुमार, उपप्रधान राजेश कुमार, गलोड़ खास की प्रधान शकुंतला देवी, विजय शर्मा, बीडीसी मेंबर पुष्पा वर्मा, लढ़हा पंचायत के राकेश कुमार, राजेश कुमार, सरेडी पंचायत के उप प्रधान राजेश कुमार, कश्मीर से बीडीसी सदस्य मीना कुमारी, बख्शी राम, अमरनाथ शर्मा, दलीप सिंह, विनोद कुमार, अक्षय कुमार, संदीप विज और मनीष शर्मा, आदि ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पशुपालन मंत्री वीरेंद्र कंवर और एचआरटीसी के उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री का आभार व्यक्त किया है।