विक्रमादित्य के जन्मदिन पर हॉली लॉज में गूंजा संगीत

उज्जवल हिमाचल। शिमला
शिमला ग्रामीण के विधायक टिक्का विक्रमादित्य सिंह के जन्मदिन पर शनिवार को उनके प्रशंसकों ने उनके निवास स्थान हॉली लॉज में डोल नगाड़े बजाकर उनका अभिनंदन किया। कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने भी उन्हें जन्मदिन पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उनके राजनीतिक सचिव हरिकृष्ण हिमराल ने उन्हें फूलों का गुलदस्ता और एक छाया पेंटिंग प्रदान की। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने टिक्का विक्रमादित्य सिंह से केक भी कटवाया। हॉली लॉज में शनिवार सुबह से ही विक्रमादित्य के समर्थकों का तांता लगना शुरू हो गया था। इस दौरान उनके पिता पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, माता पूर्व सासंद प्रतिभा सिंह ने भी लोगों का अभिनंदन स्वीकार करते हुए आभार व्यक्त किया।

समर्थकों के साथ पिता राजा वीरभद्र सिंह ने भी नाटी डालकर मनाया जश्र

रामपुर बुशहर से डोल नगाड़े के साथ आए लोगों ने पारंपरिक नृत्य किया। इस नृत्य में वीरभद्र सिंह भी उनके साथ नाचे व अपनी खुशी का इजहार किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अनेक पदाधिकारी, कांग्रेस नेता,शिमला ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष गोपाल शर्मा, युवा कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता भारी तादाद में मौजूद थे, जिन्होंने नाच गा कर अपनी खुशी का इजहार किया व विक्रमादित्य सिंह की दीर्घायु की कामना की। शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के बनुटी में लोगों ने विक्रमादित्य सिंह के जन्मदिन पर एक ब्लड डोनेशन कैंप के साथ एक समारोह का आयोजन भी किया। इस समारोह में इस क्षेत्र के लोगों ने गर्मजोशी के साथ विधायक विक्रमादित्य सिंह का स्वागत किया।

विधायक बोले, क्षेत्र विकास के लिए हमेशा रहेंगे समर्पित

विक्रमादित्य सिंह ने इस अवसर पर लोगों का उनके प्रति स्नेह के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह अपने इस निर्वाचन क्षेत्र के सदैव ऋणी रहेंगे। उन्होंने कहा कि जो प्यार व सम्मान उन्होंने उन्हें दिया है उसे वह कभी नहीं भुला सकते। उन्होंने कहा कि वह क्षेत्र के विकास के लिए पूरी तरह समर्पित है। उन्होंने कहा कि जल्द ही प्रदेश में ग्राम सभाओं के चुनाव होने वाले है। उन्होंने इसके लिए निष्ठावान व ईमानदार लोगों को चुनने की सलाह देते हुए कहा कि उन्हें ऐसे लोगों को आगे लाना होगा जो क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित हो। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने इस 3 साल के कार्यकाल में उन सब योजनाओं को पूरा कर दिया है जो पूर्व कांग्रेस सरकार ने उनके पिता वीरभद्र सिंह ने यहां शुरू की थी। उन्होंने कहा कि दो तीन योजनाओं को छोड़ कर अधिकतर योजनाएं लोगों को समर्पित की जा चुकी है। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि वह राजनीति से ऊपर उठ कर विकास में विश्वास रखते है। उन्होंने कहा कि वह समय-समय पर अपने निर्वाचन क्षेत्र के लोगों के साथ साथ प्रदेश के लोगों से भी मिलते रहते है और लोगों की समस्याओं को दूर करने के लिए वह मुख्यमंत्री व सरकार से मिलते रहते हंै। विक्रमादित्य सिंह ने लोगों का आह्वान किया की वह अपने क्षेत्र की किसी भी समस्या के लिए किसी भी समय उनसे मिल सकते है। उन्होंने आज उनके सम्मान में आयोजित समारोह के लिए आभार व्यक्त किया।