साइकिल पर 145वीं बार किए मां वैष्णो देवी धाम के दर्शन

उज्ज्वल हिमाचल। शाहपुर

साइकिल पर वैष्णो देवी की यात्रा पर निकले बठिंडा निवासी राजेंद्र गुप्ता 145 वीं बार वैष्णो देवी की यात्रा संपन्न कर शाहपुर पहुंचे। उन्होंने बताया कि इसी यात्रा के चलते साइकिल पर 18 बार बाबा बर्फानी अमरनाथ के भी दर्शन कर चुके हैं। मां वैष्णो देवी यात्रा कर वापस लौटे रजिन्द्र गुप्ता ने बताया कि यह उनके लिए मां का आशीर्वाद ही है, जो वह इतनी बार साइकिल पर यात्राएं पूर्ण कर चुके हैं।

 

पिछले 35 वर्षों से वह अब तक 6 लाख 20 हजार किलोमीटर की यात्रा साइकिल पर पूरी कर चुके हैं, जिसमें उन्होंने मां वैष्णो देवी, बाबा बर्फानी अमरनाथ, कांगड़ा देवी, ज्वाला जी, मां चिंतपूर्णी, मां नैना देवी, मां चामुंडा, मां मनसा देवी, हरिद्वार, गंगोत्री व गौमुख, उज्जैन महाकाल मंदिर, इंदौर ज्योतिर्लिंग और सिरोही मंदिर सहित देश के लगभग सभी मंदिरों के दर्शन किए हैं। उन्होंने बताया कि अगली साइकिल यात्रा में राजस्थान जाकर बाबा राम देव, पुष्कर महाराज, मीरा बाई मंदिर, करणी माता मंदिर में शीश निवाएंगे। वह नीलकंठ से गंगाजल लेकर कांवड़ यात्रा 8 मार्च को बठिंडा में महाशिवरात्रि के मौके पर पहुंचेगे।