नगर निगम चुनाव में भाजपा के पक्ष में करें मतदान : सीएम

उमेश भारद्वाज। मंडी
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के द्वारा अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान नगर निगम चुनाव को लेकर गहन मंथन किया गया। मंडी दौरे के दूसरे दिन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने दिवंगत सांसद रामस्वरूप शर्मा को विपाशा सदन में आयोजित श्रधांजलि समारोह में श्रधा सुमन अर्पित किए। इसके उपरांत मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ नगर निगम चुनावों की समीक्षा करने को लेकर बैठक की।
मुख्यमंत्री जयराम ने अपने चुनावी दौरे के दौरान मंडी में मतदाताओं से नगर निगम को भाजपा की झोली में डालने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मंडी नगर परिषद को नगर निगम बनाने को लेकर पिछले लंबे समय से लोगों की मांग चल रही थी। जिसे भाजपा सरकार ने पूरा किया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने निर्णय लेकर चुनाव पार्टी सिंबल पर करवाने का निर्णय लिया। इसके तहत भाजपा के द्वारा अपने प्रत्याशी घोषित किए गए हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार ने नगर निगम का तोहफा मंडी वालों को दिया है तथा अब लोगों के द्वारा नगर निगम को भाजपा के पक्ष में मतदान कर झोली में डालने का काम करना है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी चुनाव विकास के मुद्दे पर ही लड़ रही है।