प्रदेश में बदला मौसम: बारिश से भीगे मैदान, पहाड़ों पर बर्फबारी

उज्जवल हिमाचल। कुल्लू

ड्राई स्पैल के बाद प्रदेश में मौसम ने करवट ली है। शुक्रवार रात को मैदानों में बारिश के साथ ओलावृष्टि दर्ज की गई वहीं, बारालाचा दर्रे में एक फीट ताजा हिमपात होने से मनाली-लेह मार्ग बंद हो गया है। बारालाचा दर्रे के दोनों ओर दारचा व सरचू में सैकड़ों वाहन फंस गए हैं। सेना के काफिले सहित लेह-लद्दाख के लोगों का अभी बारालाचा दर्रा होते हुए आना जाना लगा हुआ है।

हिमपात होने से मनाली-लेह मार्ग बंद, कई जगह पर्यटक फंसे

दूसरी ओर शिंकुला दर्रे में भी एक फीट बफऱ्बारी होने से जांस्कर घाटी का भी मनाली से संपर्क कट गया है। अटल टनल बनने से रोहतांग दर्रे में मार्ग बंद होने से निजात मिल गई है तथा मनाली का केलंग से संपर्क बना हुआ है। लेकिन कोकसर से सिस्सु गोंदला के बीच हल्की बर्फ गिरने से वाहनों के स्किड होने का खतरा बढ़ गया है। शुक्रवार को भी बारालाचा दर्रे में बर्फ के फाहे गिरे थे। लेकिन वाहनों की आवाजाही दिनभर सुचारू रही थी। रात के समय मौसम ने करवट बदली और पहाड़ों में बफऱ्बारी का क्रम शुरू हो गया।