हिमाचल में फिर बदला मौसम का मिजाज, 20 जनवरी तक बारिश-बर्फबारी के आसार

उज्जवल हिमाचल। शिमला

हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। प्रदेश में आज बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। मौसम विभाग प्रदेश के मध्यम और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 17 से 20 जनवरी तक बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। हालांकि रविवार को दिन में तेज धूप खिलने से लोगों को ठंड से राहत जरूर मिली है।

इस दौरान मैदानी इलाकों में मौसम साफ रहेगा। प्रदेश के कई इलाकों में हुई भारी बर्फबारी के बाद अभी भी जनजीवन पटरी पर नहीं लौट पाया है। कई इलाकों में संपर्क मार्गों पर आवाजाही बाधित है, तो कही बिजली सप्लाई ठप है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।जनजातीय जिला लाहौल स्पीति के केलांग में धूप खिलने के बाद से बर्फ पिघल रही है।

रविवार को यहां पारा माइनस 10 डिग्री रिकॉर्ड हुआ है। वहीं, अगर न्यूनतम और अधिकतम तापमान की बात करें तो सबसे कम तापमान लाहौल स्पीति में माइनस 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान ऊना और चंबा में 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इसके अलावा बिलासपुर और सिरमौर में अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।