कहीं 15 जुलाई से ना थम जाएं प्रदेश में 108 एबुलेंस के पहिए

उमेश भारद्वाज। सुंदरनगर

हिमाचल प्रदेश के मरीजों के लिए संजीवनी के तौर पर कार्य कर रही 108 व 102 एंबुलेंस सेवा के पहिए 15 जुलाई से थम सकते हैं। यह बात 108 व 102 कर्मचारी यूनियन हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष पूर्ण चंद ने कही। पूर्ण चंद ने कहा कि प्रदेश में 108 व 102 कंपनी संचालक जीवीकेइएमआरआई अपने कर्मचारीयों को प्रताड़ित कर रही है। कंपनी द्वारा सभी कर्मचारियों को टर्मिनेशन लेटर 25 जून को दिए गए थे और 30 जून के बाद सेवा समाप्त करने की जानकारी दी थी।

उन्होंने कहा कि कंपनी द्वारा अपने कर्मचारियों के साथ झूठ बोलते हुए कंपनी का करारनामा हिमाचल सरकार के साथ खत्म होने की बात बताई गई। लेकिन 108 व 102 के लिए कंपनी का प्रदेश सरकार के साथ करारनामा वर्ष 2021 तक है और उसके बाद कंपनी ने सभी कर्मचारियों की सेवाएं 15 जुलाई तक बढ़ा दी गई है। पूर्ण चंद ने कहा कि कंपनी को कर्मचारियों के हितों को लेकर उच्च न्यायालय और सुप्रीम कोर्ट सहित हर जगह कंपनी को फटकार लगी है।

फिर भी कंपनी अपने कारनामों से बाज नहीं आ रही है। उन्होंने कहा कि अभी तक कर्मचारियों को वेतन नहीं मिला है जबकि प्रदेश उच्च न्यायालय ने इस माह 7 तारीख के पहले सभी कर्मचारियों को वेतन का भुगतान करने के आदेश जारी किए गए थे। उन्होंने कहा कि कुछ समय पहले कंपनी के एक अधिकारी को सीबीआई ने पीएफ घोटाले में भी गिरफ्तार किया हुआ है और उसकी भी जांच चल रही है।

पूर्ण चंद ने कहा कि इस समस्या से मुख्यमंत्री को इस विषय में पत्र लिखकर और मुख्य अतिरिक्त सचिव स्वास्थ्य राष्ट्रीय मिशन डायरेक्टर से व्यक्तिगत तौर से मिलकर स्थिति के बारे में अवगत करवाया है। उन्होंने भी आश्वासन दिया है कि इस विषय में उचित कार्रवाई करेंगे। लेकिन अभी तक कंपनी की तरफ से कर्मचारी को कोई भी कार्य नहीं किया गया है।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कंपनी ने 15 तारीख तक इस ओर कोई कारगर कदम नहीं उठाया, तो मजबूरन सभी कर्मचारियों को एंबुलेंस छोड़नी पड़ेगी और वर्तमान में कोरोना महामारी के दौर में कंपनी प्रदेश की जनता के जिंदगी के साथ खिलवाड़ कर रही है।