पुल से कूदकर महिला ने दी जान, दो बार पहले भी किया था आत्महत्या का प्रयास

घुमारवीं में पेश आया मामला: पति का खुलासा, मानसिक रूप से परेशान चल रही थी

उज्जवल हिमाचल। बिलासपुर

घुमारवीं में एनएच 103 पर सीर खड्ड पर बने पुल से सोमवार शाम को एक महिला ने छलांग लगाकर खुदकुशी कर ली। पुल की नींव पर औंधे मुंह से गिरने से उसकी मौके पर मौत हो गई। मिली जानकारी अनुसार मृतक महिला नीलम कुमारी (49) पत्नी प्रकाश चंद गांव टोबका परोहा तहसील घुमारवीं की रहने वाली थी। महिला ने पुल से छलांग लगाई तो वह पानी में न गिरकर पुल की नींव पर गिरी। महिला ने कूदने से पहले अपना दुपट्टा और चप्पलें पुल पर रख दिए थे।

महिला के कूदने का जैसे ही पता लगा पुल पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। पुल पर दोनों तरफ वाहनों की कतारें लग गईं। मृतक महिला के पति ने बताया कि वह मानसिक रूप से परेशान चल रही थी। उसने पहले भी दो बार आत्महत्या करने का प्रयास किया था। महिला ने आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाया पुलिस इसकी छानबीन करने में जुटी है। घुमारवीं थाना पुलिस में मामला दर्ज कर लिया गया है। डीएसपी अनिल ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है।