बढ़ती महंगाई के खिलाफ उग्र हुई युवा कांग्रेस, निकाली रैली

महिला कांग्रेस ने भी रसोई गैस, पेट्रोल, डीजल की बढ़ती कीमतों पर घेरा

उज्जवल हिमाचल। शिमला

युवा कांग्रेस व महिला कांग्रेस ने रसोई गैस, पेट्रोल, डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के खिलाफ शिमला में प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस ने महंगाई के विरोध में कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन से पुराने बस अड्डे तक रोष रैली निकाली व चक्का जाम किया। इस दौरान युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने गले मे सिलेंडर के पोस्टर लटकाकर विरोध जताया व केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निगम भंडारी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार के समय जब पेट्रोल डीजल में पचास पैसे की वृद्धि की वृद्धि होती थी तो भाजपा के नेता सडक़ो पर उतर जाते थे। महंगाई की मार से आम आदमी का जीना दूभर हो गया है।

उन्होंने कहा कि सरकार को तुरंत बढ़ती महंगाई पर अंकुश लगाना चाहिए, ताकि आम आदमी को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ऐसा नहीं करती है तो यह मार्च सडक़ से संसद तक जारी रहेगा। वहीं महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल ने कहां की गैस व पेट्रोल के बढ़े हुए दामों के पीछे मोदी की पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने वाली नीतियां हैं। जब से मोदी सरकार बनी है सार्वजनिक उपक्रमों को खत्म करने के प्रयास किए गए हैं। पेट्रोल के दाम सौ रुपए हो गए हैं जिससे हर चीज़ महंगी हो गई है। कांग्रेस की सरकार में चार सौ का सिलेंडर आज 900 का है। जो मोदी 2014 में गरीब व मध्यम वर्ग की हितैषी के रूप में सत्ता में आये थे उनकी गलत नीतियों के कारण आज किसान सडक़ो पर व गरीब दो वक्त की रोटी के लिए मोहताज हैं।