ऊना के बंगाणा में रेनशैड से युवक का शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस

उज्जवल हिमाचल। ऊना

जिला ऊना के उपमंडल बंगाणा क्षेत्र की जोल पंचायत का युवक वर्षा शालिका में मृत हालत में मिला है। मृतक की पहचान विकास शर्मा पुत्र राम किशन शर्मा वार्ड नं चार उपतहसील जोल जिला ऊना के रूप में हुई है। बताया जा रहा है विकास मंगलवार को खुरवाईं से जोल तक शाम को नशे की हालत में आया था।

बस से उतर कर कुछ दूरी पर गिर गया था। स्थानीय लोगों ने उसे जोल के रेन शेल्टर में बिठा दिया था और घर वालों को इसकी सूचना दे दी थी। लेकिन घर से कोई भी सदस्य इसे लेने नहीं आया। विकास शर्मा की नशे की हालत तथा ठंड में बाहर पड़े रहने के कारण मौत हो गई।

सुबह करीब साढ़े सात बजे के बाद विकास ने दम तोड़ा। लोगों का कहना है कि अगर परिवार के सदस्‍य रात को ही नशे की हालत में उसे घर ले जाते तो शायद युवक की जान बच जाती। नशे की हालत में जमीन पर गिरने से शरीर पर चोटें भी आई हैं।

ऊना डीएसपी कुलविंदर सिंह का कहना है कि मृतक विकास शर्मा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।