युवा मोर्चा ने इंदरपाल चौक पर विधायक सुखु का जलाया पुतला

एमसी शर्मा। नादौन

 

भारतीय जनता युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने संगठन के मंडलाध्यक्ष जितेंद्र ज़िन्दू की अगुवाई में बस अड्डा के निकट इंदरपाल चौक पर विधायक सुखविंद्र सिंह सुखु का पुतला जलाया। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष मंजीत ठाकुर भी उपस्थित रहे। युवा मोर्चा ने सुखु पर आरोप लगाया है कि उन्होंने विधानसभा परिसर में तिरंगे का अपमान करके देश के उन वीर शहीदों का अपमान किया है जिन्होंने इस देश और तिरंगे की खातिर अपनी जान कुर्बान की। उन्होंने कहा कि सुखु का यह कृत्य अक्षम्य अपराध है और उन्होंने तिरंगे का अपमान करके देश भर में नादौन का नाम कलंकित कर दिया है। उन्होंने कहा कि सुखु को अपने किये पर देश,प्रदेश सहित नादौन की जनता से तुरन्त माफ़ी मांगनी चाहिये। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर सुखु के विरुद्ध पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि देश की आज़ादी की लड़ाई से लेकर सरहदों तक हज़ारों युवाओं ने बलिदान देकर राष्ट्र ध्वज को कभी झुकने नहीं दिया। उन्होंने कहा कि तिरंगे के मान सम्मान की गाथाएं इस देश के वीरों ने अपने लहू से लिखीं हैं। सरहदों पर खून बहाकर भी तिरंगे की रक्षा की। जबकि विधायक सुखु ने तिरंगे झंडे को अमर्यादित तरीके से विधानसभा परिसर में प्रयोग किया। उसकी जितनी भी निंदा की जाए कम है। उन्होंने कहा कि सुखु द्वारा तिरंगे का तिरस्कार करना ये दर्शाता है कि उक्त पार्टी की नर्सरी में किस प्रकार के नेताओं की पौध तैयार हो रही है। संगठन ने आरोप लगाया कि कॉंग्रेस नेताओं द्वारा राष्ट्र के गौरवमयी प्रतीकों को अपमानित करना भाजपा सहन नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि जो राजनैतिक पार्टी अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं को देश के प्रति निष्ठावान रहने के संस्कार नहीं दे सकती उसकी जितनी भी भर्त्सना की जाए कम है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से ही एक परिवार की गुलामी तक सीमित रही है ।

यही वजह है कि इस पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं में देश के प्रति वफ़ादारी की भावना न होकर केवल एक परिवार की चापलूसी करने तक ही सीमित है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रध्वज के अपमान पर सुखु को सारे देश और प्रदेश से माफी मांगनी चाहिये। उन्होंने कहा कि सुखु ने तिरंगे झंडे का अपमान करके नादौन क्षेत्र को कलंकित करने का कार्य किया है। इस अवसर पर महामंत्री अक्षय शर्मा, शहरी इकाई अध्यक्ष केशव गोस्वामी, अंकित शर्मा, चंद्रमोहन, शुभम कपिल, प्रगुन गौतम, नीरज जैन, राजेश कुमार, शहरी भाजपा अध्यक्ष राज कुमार सौंधी, बसंत ठाकुर सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।