केंद्रीय बजट समावेशी और ‘आत्मनिर्भर भारत’ की दिशा में एक बड़ा कदम: रमेश बराड़

उज्जवल हिमाचल। कांगड़ा

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के बजट (Budget 2022) पेश करने के बाद तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। राजनीतिक जगत से भी तरह-तरह की रिएक्शन सामने आ रहे हैं। इसी कड़ी में जिला परिषद अध्यक्ष कांगड़ा रमेश बराड़ ने मंगलवार को संसद में पेश किए गए वर्ष 2022-23 के आम बजट को केंद्रीय बजट को समावेशी और ‘आत्मनिर्भर भारत’ की दिशा में एक बड़ा कदम करार दिया है। उन्होंने कहा कि इससे देश के सभी वर्गो, किसानों, गरीब वर्गो, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को फायदा होगा। उन्होंने कहा कि बजट से अर्थव्यवस्था को व्यापक गति मिलेगी और लोग सशक्त होंगे।

रमेश बराड़ ने कहा कि ये आम बजट आपदा में भी आत्मनिर्भर भारत के अवसर को आश्वस्त करने वाला है। उन्होंने एक बयान में कहा कि आपदा में भी आत्मनिर्भर भारत के अवसर को आश्वस्त करता, आगे बढ़ाता बजट है। वैश्विक आर्थिक तंगी-मंदी के बीच विश्वास और विकास को आत्मनिर्भर भारत की डोर से बांधता बजट है। बराड़ ने कहा कि यह बजट आम आदमी की आकांक्षाओं के अनुरुप है।

वहीं, उन्होंने कहा कि, कोरोना की विपरीत परिस्थितियों के बावजूद अन्य देशों की तुलना में भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत रही। इस बजट से अर्थव्यवस्था और मजबूत होगी तथा विकास को और गति मिलेगी। सेवा, कृषि और चिकित्सा के क्षेत्र हमारी प्राचीन अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और इन्हें नए सिरे से इस बजट में परिभाषित किया गया है। आने वाली नई चुनौतियों के लिए इस बजट में समाधान दिया गया है।