भाजपा में जाेड़े जाएंगे 1 लाख 11 हजार 422 लोग: पवन राणा

उमेश भारद्वाज। सुंदरनगर

भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अनुसूचित जाति मोर्चा की प्रदेश स्तरीय बैठक मंडी जिला के सुंदरनगर में संपन्न हुई। इस बैठक में भाजपा प्रदेश अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारियों व विभिन्न जिलाध्यक्ष मौजूद रहे। बैठक में विशेष तौर पर भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री पवन राणा व प्रदेश महामंत्री एवं सुंदरनगर के विधायक राकेश जंवाल मौजूद रहे। बैठक में मिशन 2022 रिपीट पर कार्यकर्ताओं संग विस्तार से चर्चा की गई। संगठन मंत्री ने कार्यकर्ताओं से चर्चा करने के साथ उनके सुझाव भी लिए।

भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री पवन राणा द्वारा इस बैठक में हर कार्यकर्ता से संवाद कर आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर चर्चा करने के साथ ही उनके सुझाव भी लिए गए। बैठक में मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारी व सदस्यों के साथ सभी जिला अध्यक्ष भी मौजूद रहे। प्रदेश अनूसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नितेन कुमार ने कहा कि अनुसूचित जाति मोर्चा द्वारा बूथ स्तर पर लोगों को जोड़ा जाएगा। प्रदेश के 7792 बूूथों से अनुसूचित जाति वर्ग से अधिक संख्या वाले 33 फीसदी बूथों की पहचान की जाएगी।

अधिक संख्या वाले बूथों में एक बूथ प्रमुख सहित 21 लोगों की टीम तैयार होगी, जबकि अन्य पर एक बूथ प्रमुख और दस लोगों की टीम होगी। अगले डेढ़ महीने में प्रदेश से सवा लाख के करीब लोगों को पार्टी के साथ जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि बैठक में पदाधिकारियों को भविष्य में 1 लाख 11 हजार 422 लोगों को भाजपा में जोड़ा जाएगा और 2022 चुनावों से इन कार्यकताओं का एक भव्य सम्मेलन प्रदेश में आयोजित किया जाएगा।

नितेन कुमार ने कहा कि इस सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा या गृहमंत्री अमित शाह मौजूद रहेंगे। इसके अलावा अगले वर्ष मार्च में मोर्चा का प्रदेश प्रशिक्षण वर्ग के उपरांत जिला प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए जाएंगे।