ऑनलाइन खरीद में गंवाए 2 लाख 58 हज़ार

पेमेंट के बाबजूद भी नहीं पहुंचे सीमेंट ब्लॉक्स

एसके शर्मा। हमीरपुर

उपमंडल बड़सर के अंतर्गत आने वाले टिक्कर ब्राह्मणा गांव के एक व्यक्ति ने बड़सर थाने में ऑनलाइन धोखाधड़ी का मामला दर्ज़ करवाया है। पीड़ित व्यक्ति द्वारा मुंबई की कंपनी को सारी पेमेंट डालने के बाबजूद समय पर सीमेंट ब्लॉक्स की डिलीवरी नहीं की गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर के छानवीन शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार टिक्कर ब्राह्मणा गांव के विकास शर्मा ने अपनी शिकायत में कहा है कि उसे मकान बनाने के लिए सीमेंट ब्लॉक्स की जरूरत थी। ऑनलाइन सर्च के दौरान उसने मुंबई की एक कंपनी से संपर्क साधा तथा उसे अपनी जरूरत बताई।

इसके बाद तय सामान की कीमत 2 लाख 58 हजार बताई गई। कंपनी की तरफ से उसे सारी पेमेंट पहले करने को कहा गया, तो उसने बताए गए इंडेन बैंक अकाउंट में तय राशि डाल दी। विकास के मुताबिक सामान की डिलीवरी शनिवार तक तय हुई थी, लेकिन जब तय समय बीतने पर सामान नहीं पहुंचा, तो उसने कंपनी से संपर्क साधा। कंपनी की तरफ से कोई उचित रिस्पांस न मिलने पर उसे अपने साथ धोखाधड़ी का आभास हुआ। धोखाधड़ी का पता चलते ही पीड़ित व्यक्ति द्वारा पुलिस मे मामला दर्ज करवा दिया गया है।

उधर, डीएसपी बड़सर शेर सिंह ने बताया कि पुलिस को ऑनलाइन धोखाधड़ी की शिकायत मिली है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है व इस मामले की आगामी कार्यवाही की जा रही है।