उज्जवल हिमाचल। मंडी
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा 26 जनवरी को शुरु किए गए हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के तहत सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र से शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर व पूर्व मुख्य संसदीय सचिव सोहन लाल ठाकुर ने इसका शुभारंभ किया। एमएलएसएम कॉलेज परिसर के निकट से आरंभ हुए इस अभियान में पहुंचे शिक्षा मंत्री का कांग्रेसजनों ने भव्य स्वागत किया। अपने संबोधन में रोहित ठाकुर ने कहा कि केंद्र में बैठी भाजपा की जन विरोधी नीतियों के चलते कांग्रेस द्वारा हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की शुरुआत की गई है।
यह भी पढ़ेंः धर्मशाला इंडोर स्टेडियम में दो दिवसीय जिला स्तरीय वेटरन बैडमिंटन प्रतियोगिता का शुभारंभ
कांग्रेस कार्यकर्ता इस अभियान को जिला स्तर से ब्लॉक स्तर तक ले जाने में अहम भूमिका अदा करेंगे और जनता को केंद्र की भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों से अवगत करवाएंगे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को जनता का भारी समर्थन मिल रहा है, जिससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी जोश है। उसी तर्ज पर हाथ से हाथ जोड़ों अभियान को भी जनता का भरपूर समर्थन मिलेगा।