ईडी का खौफ दिखाकर दिल्ली में सरकार गिराना चाहती भाजपाः आप

दिल्ली में नहीं गिरा पाएगी भाजपा आम आदमी पार्टी की ईमानदार सरकार

AAP attacks on bjp
प्रदेश उपाध्यक्ष शेर सिंह ठाकुर व महिला विंग की उपाध्यक्ष जबना चौहान ने की प्रेसवार्ता

उमेश भारद्वाज। मंडी

आम आदमी पार्टी हिमाचल प्रदेश के उपाध्यक्ष शेर सिंह ठाकुर व प्रदेश महिला विंग की उपाध्यक्ष जबना चौहान ने मंडी में पत्रकार वार्ता के दौरान प्रदेश की जयराम ठाकुर और केंद्र सरकार पर कई जोरदार जुबानी हमले किए। प्रदेश उपाध्यक्ष शेर सिंह ठाकुर ने कहा कि ईडी का खौफ दिखाकर भाजपा दिल्ली में सरकार गिराने की योजना बना रही है। लेकिन दिल्ली सरकार किसी भी हालत में नहीं गिर सकती क्योंकि आम आदमी पार्टी एक ईमानदार सरकार है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा विभिन्न प्रकार के प्रलोभन और डर दिखाकर सरकारों को गिराया जा रहा है।

इसके साथ आम आदमी पार्टी महिला विंग की उपाध्यक्ष जबना चौहान ने स्वास्थ्य और शिक्षा को लेकर जयराम सरकार पर हमला किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में आम आदमी पार्टी द्वारा 3 गारंटी देने से पार्टी की ओर लोगों की आस बंध गई है।

प्रदेश में स्कूल एक-एक अध्यापक के सहारे चल रहे हैं। प्रदेश में अस्पताल खंडहर बन चुके हैं और मशीनरी नहीं है। अस्पतालों में टेस्ट नहीं हो रहे हैं और अस्पतालों में मशीनों के अभाव के कारण लोगों को इस महंगाई के दौर में निजी अस्पतालों तथा लैब्स का रुख करना पड़ रहा है। प्रदेश में आम आदमी पार्टी की सरकार बनते ही हर मोहल्ले और गांव में दिल्ली की तर्ज पर क्लीनिक खोले जाएंगे,जिससे लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा प्रदान हो सके।