काँगड़ा: एक सप्‍ताह के बाद सूरज को देखते आई जान में जान

उज्जवल हिमाचल। धर्मशाला

हिमाचल प्रदेश में लगातर हो रही एक सप्‍ताह बर्फबारी और बारिश के बाद आज सोमवार को सूरज को देखते ही लोगों के चहरे खिल उठे, लगातर हो रही बारिश से लोग अपने घरों में सिमट गए थे। मौसम साफ होते ही सड़कों और बजारों में चहल-पहल देखने को मिल रही है। ऊपरी क्षेत्रों में सुबह बर्फबारी के बाद दस बजे तक मौसम साफ हो गया व धूप खिली हुई है। ऐसे में पर्यटन स्‍थल चमक उठे हैं। जिला कांगड़ा की धौलाधार चांदी की तरह चमक उठा है। धर्मशाला के निकटवर्ती क्षेत्र नड्डी में जमकर बर्फ गिरी है, ऐसे में पर्यटक आज नड्डी का रुख कर सकते हैं।

हालांकि कोविड-19 की बढ़ती रफ्तार के कारण पर्यटक व लोगों को कोविड-19 नियमों की पालना करनी होगी। बीते एक सप्ताह से लगातार हो रही बारिश व बर्फबारी ने जनजीवन पर प्रभाव डालना शुरू कर दिया था। आम लोग बर्फबारी व बारिश से परेशान थे। सबसे ज्यादा दिक्कत दिहाड़ी लगाने व मेहनत मजदूरी करने वालों की बढ़ी, जिन्होंने दिहाड़ी लगाकर दो वक्त की रोटी का जुगाड़ करना है। हालांकि नड्डी में बर्फ गिरने का लाभ स्थानीय कारोबारियों को मिल रहा है। पर्यटकों ने नड्डी का रुख किया है। नड्डी में आवाजाही बढ़ी है।

बर्फ का दीदार करने आने वाले लोगों के वाहनों से यातायात जाम की स्थिति भी बन रही है। बीते रोज भी पर्यटकों व आम लोगों ने नड्डी में बर्फ का लुत्फ लिया। वहीं बीते एक सप्ताह के बाद सुबह के वक्त सूर्य के दर्शन होने से लोगों ने राहत की सांस ली है। पर्यटकों के साथ.साथ आम आदमी भी काफी खुश हैं। बारिश व बर्फबारी से न केवल किसान व बागवान बल्कि आम आदमी भी खुश हैं। किसान के गेहूं के खेतों को पानी लग गया है और किसान को सिंचाई की आवश्यकता नहीं रही है। किसान अब अपने खेतों को खाद डाल सकेंगे। इसी तरह से बागवानों के लिए बर्फ व तापमान उनके पौधों के लिए काफी बेहतर है।