विक्रमादित्य के बयान पर आश्रय शर्मा ने जताई हैरानी

कहा, मंडी की जीत पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की मेहनत

उमेश भारद्वाज। मंडी

पीसीसी महासचिव आश्रय शर्मा ने मंडी सांसद प्रतिभा सिंह के बेटे एवं शिमला ग्रामीण विधायक विक्रमादित्य सिंह द्वारा चुनाव में पैसे की कमी और संगठन की कमजोरी को लेकर दिए बयान पर हैरानी जताई है। उन्होंने सांसद प्रतिभा सिंह की जीत को कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मेहनत की जीत करार दिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी हाईकमान ने चुनावों में उचित संसाधन मुहैया करवाए थे। मंडी की जीत पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की मेहनत की वजह से हुई है।

आश्रय शर्मा ने कहा कि उनकी जानकारी के अनुसार पार्टी हाईकमान द्वारा उचित संसाधन भी इस बार उपचुनाव में मुहैया करवाए गए थे। उन्होंने कहा कि इस तरह का बयान कार्यकर्ताओं को हताश करने वाला है और वो इस बयान से इत्तेफाक नहीं रखते हैं।

 यह भी देखें : शिमला में आदमखाेर तेंदुए का आतंक

आश्रय शर्मा ने कहा कि इस चुनाव में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिन रात मेहनत की है और इस तरह के बयान से विक्रमादित्य को परहेज रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि कोई कमी विक्रमादित्य की नजरों में रही है, तो मीडिया में इसे उछालना कार्यकर्ताओं और हाईकमान की प्रतिष्ठा पर सवाल उठाने जैसा है।

आश्रय ने कहा कि उनके द्वारा विपरीत परिस्थितियों में सत्ता त्याग कर लोकसभा चुनाव-2019 में लड़ा था और कार्यकर्ताओं की सहायता से सरकार से डटकर मुकाबला किया था। आश्रय ने पार्टी कार्यकर्ताओं को इस शानदार जीत पर हार्दिक बधाई दी हैं और उम्मीद की है कि 2022 के विधानसभा में भी इसी जोश के साथ अपनी पार्टी जीत सुनिश्चित करेगी।