भाजपा ने सम्मानित किये नादौन पुलिस थाना के कर्मी

एमसी शर्मा। नादौन

नादौन के भाजपाइयों ने नादौन पुलिस स्टेशन में तैनात पुलिस और होमगार्ड के कर्मियों को प्रदेश में अब्बल दर्ज़ा हासिल करने पर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि कोरोना संकट काल में सर्व श्रेष्ठ पुलिस थाने की उपलब्धि हासिल किया जाना पूरे प्रदेश के लिये गौरव का विषय है। बीजेपी के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं राज्य कार्यसमिति के सदस्य रघुवीर सिंह ठाकुर के नेतृत्व में भाजपा पदाधिकारियों ने पुलिस स्टेशन नादौन के कर्मियों को पुष्प माला पहना कर उनकी उल्लेखनीय सेवाओं के लिये उनका अभिवादन किया। इस अवसर पर सभी कर्मियों को जूस, मास्क और हैंड सेनेटाइजर भी वितरित किये गये। वरिष्ठ भाजपा नेता रघुवीर सिंह ने कहा कि कोरोना संकट काल में नादौन पुलिस के कर्मियों ने दिन रात कोरोना योद्धा बनकर सारी मानव जाति के लिये उत्कृष्ट कार्य किया। सुरक्षा ढाल बनकर मोर्चे पर डटे रहे और अपनी जान की परवाह किये बगैर इन कर्मियों ने अपनी ड्यूटी के साथ ही साथ मानवता के कल्याण हेतु अपना सर्वस्व दांव पर लगाया।

 

उन्होंने कहा कि वैश्विक महामारी के इस संकटकालीन दौर में नादौन थाने को सर्वश्रेष्ठ दर्ज़ा मिलना अपने आप में इलाके के लिये गौरव का अध्याय लिखने वाला साबित हुआ है। इसके लिये उन्होंने थाना प्रभारी प्रवीण राणा और उनके स्टाफ का अभिनंदन करते हुये एसएचओ की कार्यशैली की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि के लिये ज़िला पुलिस कप्तान अर्जित सेन ठाकुर की अहम भूमिका रही है जबकि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी और डीएसपी रेणु शर्मा ने भी महत्त्वपूर्ण योगदान अदा किया है।

 

वरिष्ठ भाजपा नेता रघुवीर सिंह ने जानकारी दी कि उनके व्यक्तिगत प्रयासों और पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के आशीर्वाद के चलते ही मौजूदा थाना प्रभारी को नादौन में तैनात किया गया था। उनकी प्रभावी कार्यशैली से ही आज नादौन थाना देश के पहले दस पुलिस थानों में अपनी पहचान बनाने में सफल साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि देश के गृहमंत्री अमित शाह द्वारा सम्मान मिलना बहुत बड़ी उपलब्धि है और इसके लिये सारा पुलिस विभाग बधाई का पात्र है। इस अवसर पर भाजपा जिला इकाई के उपाध्यक्ष राज कुमार वर्मा, जिला कार्यसमिति मेंम्बर कविश्वा कौशल, एससी मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष रत्न भाटिया, भाजयुमो के पूर्व ज़िला अध्यक्ष अमन गुप्ता आदि भी मौजूद रहे।