भाजपा कर रही जनादेश की चोरी : राठौर

उज्जवल हिमाचल ब्यूरो। शिमला
कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर प्रदेश में जनमत का अपमान और जनादेश के हरण करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि भाजपा प्रदेश में बीडीसी व जिला परिषद में जोड़-तोड़ कर उन लोगों को प्रलोभन देकर अपने पक्ष का दावा कर रहे हैं। राठौर ने मुख्यमंत्री के उस दावे पर जिसमें उन्होंने कहा है कि अगर कांग्रेस के पास बहुमत है तो वह बनाए पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि भाजपा प्रदेश में जनादेश की चोरी कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोग यह सबकुछ देख रहे है।

राठौर ने कहा कि मुख्यमंत्री के गृह जिला मंडी में भाजपा हारी है।उन्होंने जोड़-तोड़ कर वहां एक निर्दलीय को प्रलोभन देकर अध्यक्ष पद पर विठाया है। उन्होंने कहा कि बीडीसी व जिला परिषद में जीत कर आए कांग्रेस के लोगों को डराया व धमकाया जा रहा है। सत्ता का दुरुपयोग कर अधिकारियों के द्वारा दवाब बनाया जा रहा है। राठौर ने मुख्यमंत्री से फिर अपनी मांग दोहराई है कि वह अपनी उस सूची को जारी करें जो उन्होंने आधिकारिक तौर पर अपने समर्थित लोगों की जारी की थी। उन्होंने कहा कि वह शुरू से ही इस सूची को जारी करने की मांग कर रहें है पर भाजपा इसे जारी नहीं कर रही है। राठौर ने उन लोगों को भी चेताया है जो सत्ता के प्रलोभन में भाजपा के साथ जा रहें है। उन्होंने कहा कि वह भाजपा को हराकर जीते है इसलिए उन्हें किसी भी कीमत पर भाजपा का साथ नहीं देना चाहिए।