जयराम सरकार के सुशासन से कांग्रेस बैचेन : त्रिलोक कपूर

उज्जवल हिमाचल। धर्मशाला

गुजरात, छतीसगढ़, मध्य प्रदेश की तरह हिमाचल भाजपा शासित राज्यों में पूर्ण बहुमत के साथ 15 साल तक जनसेवा वाला राज्य बनेगा। यह कहना है वूल फेडरेशन के चेयरमैन त्रिलोक कपूर का। उन्होंने कहा कि नेतृत्व विहीन, दिशाहीन और मुद्दा विहिन कांग्रेस जयराम सरकार के अढ़ाई वर्ष के ईमानदार व प्रगतिशील सुशासन से बेचैन हो उठी है। प्रेस वार्ता के दौरान त्रिलोक कपूर ने कहा कि कांग्रेस के मित्र जो आरोप लगा रहे हैं तो उन्हें याद दिलाना जरूरी है कि वीरभद्र शासनकाल में संवैधानिक रूप से 9 मुख्य संसदीय सचिव और 55 से भी ज्यादा निगम वार्डों के चेयरमैन, वाइस चेयरमैनो की एक विशाल रेजिमेंट स्थापित की थी तब आर्थिक बोझ कांग्रेस को क्यों नजर नहीं आया।

15 साल की योजना के तहत प्रदेश की सेवा करेगी भाजपा

यहां तक की मुख्य संसदीय व संसदीय सचिव को लेकर न्यायालय को दखल तक देना पड़ा। लेकिन जयराम सरकार ने जब कांग्रेस से आधी संख्या तक नियुक्तियां कर भी दी तो फिर हायतौबा क्यों। कपूर ने कहा कि जेईई व नीट की परीक्षा पर कांग्रेस की राजनीति को दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए कहा कि कोरोना वैश्विक महामारी को लेकर देश के प्रधानमंत्री ने जेईई, नीट की परीक्षा को आयोजित करने का जो निर्णय लिया था, उसकी पूरे देश में प्रशंसा हुई है। लेकिन कांग्रेस ने उस निर्णय को भी न्यायालय में धकेल कर विवादास्पद बनाकर बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का असफल प्रयास किया। लेकिन प्रसन्नता है कि सुप्रीम कोर्ट ने बच्चों के भविष्य को लेकर केंद्र सरकार के निर्णय को उचित करार दिया।

कांग्रेस के आरोपों पर कपूर ने कहा कि कांग्रेस नेता जब जन्मदिन मना रहे थे, तब क्या कोरोना भाग गया था। कपूर ने कहा की 2022 के चुनाव में जनता पूछेगी कि कोरोना काल मेआ कांग्रेस कहां थी। उन्होंने कहा कि ई विस्तारक योजना के तहत पार्टी के प्रमुख कार्यकर्ता कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के 17 हलकों में जाएंगे और कार्य करने में असहज कार्यकर्ताओं की जानकारी ई डिजिटल पर अपलोड करेंगे।