भाजपा की डबल इंजन सरकार का एक इंजन होने वाला है सीज: सचिन पायलट

BJP's double engine government is going to have one engine: Sachin Pilot
भाजपा की डबल इंजन सरकार का एक इंजन होने वाला है सीज: सचिन पायलट
मंडीः हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनावों के नतीजों के बाद भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन की सरकार का एक इंजन सीज होने वाला है। हिमाचल प्रदेश में बदलाव की हवा है और इस हवा में भारतीय जनता पार्टी के बड़े-बड़े नेता ढह जाएंगे।

यह बात राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने विधानसभा क्षेत्र सुंदरनगर के डैहर में कांग्रेस प्रत्याशी सोहन लाल ठाकुर के पक्ष में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जीत उन्हीं की होती है, जिन्हें जनता चाहती है। हिमाचल प्रदेश में इस बार जनता कांग्रेस के साथ हैं।

इस बार का मतदान लोगों के अगले पांच वर्ष निर्धारित करेगा। इसलिए प्रलोभन और झूठे वायदों में ना फंसकर कांग्रेस पार्टी के पक्ष में मतदान करें। सचिन पायलट ने कहा कि कांग्रेस के पक्ष में माहौल होने के कारण धीरे-धीरे भाजपा नेताओं की हवा निकल गई है।

यह भी पढ़ें : पंचभीष्म की समाप्ति पर प्रवाहित किये गए दीपक, परिवार कल्याण व दीर्घायु की मंगल कामना

सचिन पायलट ने कहा कि पूरे हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की हवा है। अगर मतदाता कांग्रेस की सरकार बनाते हैं तो उसमें स्थानीय लोगों का प्रतिनिधि अवश्य मौजूद रहना चाहिए। बीते 5 वर्षों में भारतीय जनता पार्टी ने जो करना था, उन्होंने वह कर लिया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा राज में भ्रष्टाचार, पेपर लीक और नेताओं के टिकट तक काटने पड़े हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मतदाताओं से प्रत्याशी को देखे बगैर कमल के निशान पर वोट डालने की अपील कर रहे हैं। लेकिन प्रत्याशी का रिपोर्ट कार्ड देखना बहुत जरूरी है।

प्रदेश की सरकार ने काम किया होता, तो लोग अपने आप उनके पक्ष में मतदान करते। सचिन पायलट ने कहा कि इस बार बदलाव का समय है। वहीं पूर्व विधायक व कांग्रेस प्रत्याशी सोहन लाल ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र में विकास के कई आयाम स्थापित किए गए है। लेकिन उन्हें भी भाजपा विधायक अपनी उपलब्धि बताकर जनता को गुमराह करने की राजनीति करने पर उतर आए हैं।

संवाददाताः उमेश भारद्वाज

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें।