Breaking : बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद कांगड़ा में मुर्गों पर लगाया पूर्ण प्रतिबंध

उज्ज्वल हिमाचल। धर्मशाला
हिमाचल की सीमा के साथ लगते पठानकोट में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद कांगड़ा जिला में भी प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। पठानकोट के साथ लगते 6 गांवों में पॉल्ट्री मुर्गे की सप्लाई लाने और ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। यह आदेश उपायुक्त कांगड़ा ने जारी किए हैं।

डीसी राकेश कुमार प्रजापति ने आदेश जारी करते हुए कहा कि उपनिदेशक पशुपालन विभाग ने उन्हें पंजाब के पठानकोट जिला में पॉल्ट्री में एवीएन इन्फ्लूएंजा यानि बर्ड फ्लू की पुष्टि की बात बताई है, जिसके बाद एहतियात के तौर पर क्षेत्र के साथ लगते छह गांवों में पॉल्ट्री मुर्गे की सप्लाई लाने और ले जाने पर पूर्ण रोक लगा दी गई है।

उन्होंने बताया कि पठानकोट के साथ जिला कांगड़ा की भी सीमाएं सटी हैं और ऐसे में जिला में एवीएन इन्फ्लूएंजा के फैलने की संभावनाएं हैं। इन संभावनाओं को खत्म करने के लिए एहतियात के तौर पर तहसील इंदौरा के थपकौर, गगल, लखनपुर, बरी खड्ड, जटौली व टिक्करी गांव से पॉल्ट्री उत्पादों को बाहर भेजने या इन गांवों में बाहर से पॉल्ट्री उत्पाद लाने पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगा दिया है।